पेटलावद में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की सख्त कार्रवाई, दूसरे दिन भी जारी रहा अभियान
पेटलावद. (सम्यक दृष्टि न्यूज़, जितेश विश्वकर्मा)नगर परिषद द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और बाधा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। बुधवार को शुरू हुई इस मुहिम के तहत नगर के प्रमुख स्थानों से अस्थाई रूप से सड़क घेरकर बैठे दुकानदारों और आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्रियों को हटाया गया।
गुरुवार को परिषद की यह कार्रवाई गांधी चौक से शुरू होकर शहर के अन्य मुख्य मार्गों तक पहुंची। इस दौरान नगर परिषद की टीम ने उन दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जिन्होंने परिषद की पूर्व चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नियमों का उल्लंघन किया था। टीम ने सड़कों पर अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त कर लिया, जबकि कुछ दुकानदारों ने परिषद की चेतावनी के बाद अपना सामान स्वयं ही हटा लिया।
अभियान के दायरे में सड़कों पर यातायात के लिए समस्या बने ठेलागाड़ियों को भी शामिल किया गया। टीम ने सड़कों पर खड़े फल-फ्रूट के ठेलों को हटाकर उन्हें फुटपाथ की सीमा के भीतर व्यवस्थित करवाया। मौके पर उपस्थित दुकानदारों को नगर परिषद की टीम ने सख्त हिदायत दी कि यदि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन किया गया, तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक और चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का नेतृत्व कर रहे इंजीनियर दीपक वास्कले ने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों के अवरुद्ध होने और आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा के लिए यह अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारू बनाया जा सके।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ