सर्वसुविधायुक्त छात्रावास आदिवासी बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा देने वाला साबित होगा

आदिवासी अंचल की बेटियां महानगरों के विद्यार्थियों को दे रही हैं कड़ी टक्कर, यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात: कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया

2.75 करोड़ रुपये की लागत से बने वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम का लोकार्पण, छात्राओं को अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 10वीं तक सुविधा देने का आश्वासन

पेटलावद (सम्यक दृष्टि, न्यूज़ जितेश विश्वकर्मा)

मध्य प्रदेश शासन जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित 50 सीटर वीरांगना रानी दुर्गावती अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। लगभग 2 करोड़ 75 लाख 43 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त छात्रावास आदिवासी बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उल्लेखनीय है कि यह कन्या आश्रम पिछले 13 वर्षों से अन्य भवनों में संचालित हो रहा था, जिसे अब अपना स्थायी और आधुनिक परिसर मिल गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि आदिवासी अंचल की बेटियां आज अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़े महानगरों के प्रतिष्ठित विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यह केवल परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय समाज की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें।

उन्होंने छात्राओं और स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शासन ने यह सुंदर परिसर उपलब्ध कराया है, लेकिन इसे स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। मंत्री भूरिया ने यह भी घोषणा की कि छात्रावास को शीघ्र ही कक्षा 10वीं तक अंग्रेजी माध्यम में उन्नत करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे यहां अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति देकर युवाओं के लिए रोजगार और उन्नति के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बेहतर शिक्षा और संसाधनों के बल पर आदिवासी समाज की बेटियां भविष्य में प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शासन आपको शिक्षा और संसाधन उपलब्ध करा सकता है, लेकिन अपनी पहचान बनाना और परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करना आपके हाथ में है। उन्होंने कहा कि इसी छात्रावास से भविष्य की कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और राष्ट्रपति भी निकल सकती हैं।

जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट ने भी छात्राओं से अनुशासन, परिश्रम और उच्च शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने नवनिर्मित छात्रावास के प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र ओझा ने मंत्री को श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष ललिता योगेश गामड़, मंडल अध्यक्ष संजय कहार, जिला मंत्री सुखराम मोरी, जितेंद्र गेहलोत, नायब तहसीलदार अंकिता भिड़े, बीआरसी रेखा गिरी, संकुल प्राचार्य योगेंद्र प्रसाद, विद्यालय स्टाफ अमृतलाल जाटव, मैना मंडोड, कविता गामड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत भाषण हिरजी निनामा एवं अधीक्षिका श्यामू निनामा ने दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन गोपाल काग ने किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र ओझा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"