झाबुआ पुलिस की बड़ी सफलता: सस्ते मोबाइल का झांसा देकर ₹2.52 लाख की ठगी करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़) 15.06.2026
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस ने साइबर अपराध के एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल एवं थाना थांदला पुलिस की संयुक्त टीम ने सस्ते मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर ₹2.52 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई राशि में से ₹2,06,493 की रकम भी बैंक समन्वय के माध्यम से होल्ड कराकर सुरक्षित कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थांदला के जवाहर मार्ग निवासी एवं मोबाइल व्यवसायी रवि गादिया को 6 जून 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने स्वयं को एक बड़ा मोबाइल डीलर बताते हुए वीवो कंपनी के 20 मोबाइल फोन अत्यंत कम कीमत पर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। आकर्षक ऑफर और व्यापारिक लाभ के लालच में आकर रवि गादिया ने आरोपी से सौदा तय कर लिया।
आरोपी के निर्देशानुसार फरियादी ने कुल ₹2,52,680 की राशि विभिन्न माध्यमों से उसके खाते में स्थानांतरित कर दी। इसमें ₹1,92,000 की राशि आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से तथा ₹60,680 की राशि फोनपे (PhonePe) के जरिए भेजी गई। रकम प्राप्त होते ही आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया। इसके बाद फरियादी को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
फरियादी की शिकायत पर थाना थांदला में अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 319(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की। साइबर सेल द्वारा डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के पालघर जिले में चिन्हित हुई।
थाना प्रभारी अशोक कनेश थांदला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम तत्काल पालघर रवाना हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी रोशन शर्मा, निवासी ओल्ड मनोहर रोड, फॉरेस्ट ऑफिस के पास, पालघर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर उसे ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित किया और ₹2,06,493 की राशि को तत्काल होल्ड करवा दिया, जिससे पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है तथा ठगी में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
झाबुआ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अथवा आकर्षक ऑफर के लालच में बड़े ऑनलाइन लेन-देन न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल निकटतम पुलिस थाने, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि ठगी गई राशि को समय रहते सुरक्षित कराया जा सके।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ