नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, डायल-112 की सजगता से झाबुआ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
झाबुआ,(सम्यक दृष्टि न्यूज़) 31 मई 2026झाबुआ पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई का परिचय दिया है। डायल-112 की तत्परता और पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही अपराध में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को गुजरात के राजकोट से मजदूरों की तलाश में आया एक युवक ग्राम खयडु बड़ी पहुंचा था। इसी दौरान उसने एक नाबालिग बालिका को खाना खिलाने का लालच देकर अपने झांसे में लेने का प्रयास किया और उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बालिका ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिस पर परिजनों ने बिना देर किए डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर पीड़िता तथा उसके परिजनों को सुरक्षा प्रदान करते हुए थाना कोतवाली झाबुआ लेकर आई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए।
कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी ब्रजेश पिता वीरेन्द्र यादव (22 वर्ष), निवासी नवागांव डी-डिवीजन थाना राजकोट, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक GJ-03 PD-5915 को भी विधिवत जब्त कर लिया है।
झाबुआ पुलिस ने इस कार्रवाई को डायल-112 सेवा की प्रभावशीलता और आमजन की सतर्कता का परिणाम बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ