मासक्षमण जैसी कठोर तपस्या पूर्ण

युवा तपस्वी अर्पित मेहता ने पूर्ण की 31 उपवास की मासक्षमण तपस्या

संयमी आत्माओं ने की तपस्वी की अनुमोदना, शोभायात्रा में गूंजे जयकारे; तप की बोली लगाकर किया बहुमान

थांदला (सम्यक दृष्टि न्यूज़, मिलिंद कोठारी) किसी परिवार में मासक्षमण जैसी उग्र तपस्या संपन्न हो तो उस परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। ऐसा ही गौरवपूर्ण अवसर मेहता परिवार के लिए आया, जब युवा तपस्वी अर्पित मेहता ने युवा अवस्था में 31 उपवास की मासक्षमण जैसी कठोर तपस्या पूर्ण कर धर्म आराधना के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस तपस्या की श्रीसंघ एवं समाजजनों ने मुक्त कंठ से अनुमोदना करते हुए इसे सभी के लिए प्रेरणादायी बताया।

आचार्य श्री उमेशमुनिजी म. सा. के सुशिष्य, धर्मदास गणनायक प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी म. सा. के आज्ञानुवर्ती तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी, रोचक वक्ता श्री संदीपमुनिजी आदि ठाणा-8 एवं साध्वीश्री निखिलशीलाजी, दिव्यशीलाजी आदि ठाणा-4 के सानिध्य में वर्षावास के दौरान तपस्या एवं धर्म आराधना का क्रम निरंतर जारी है। श्रीसंघ का प्रत्येक सदस्य अपनी शक्ति एवं सामर्थ्य के अनुसार तप आराधना में सहभागी बनकर कर्म निर्जरा की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

श्रीसंघ के कार्यकारिणी सदस्य युवा व्यापारी प्रवीण मेहता के पुत्र एवं श्री ललित जैन नवयुवक मंडल के सहसचिव अर्पित मेहता ने 31 उपवास की मासक्षमण तपस्या पूर्ण कर परिवार, समाज एवं श्रीसंघ को गौरवान्वित किया।

संयमी आत्माओं ने की तपस्वी की अनुमोदना

मासक्षमण तपस्वी अर्पित मेहता की तपस्या के उपलक्ष्य में एमजी रोड स्थित मेहता परिवार के आवास से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं शामिल हुए। श्रद्धालु श्रमण भगवान महावीर स्वामी, आचार्य श्री उमेशमुनिजी म. सा., प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनिजी म. सा., तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म. सा. एवं तपस्वी अर्पित मेहता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा के मार्ग में श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन श्रीसंघ एवं दिगंबर जैन समाज द्वारा तपस्वी का बहुमान किया गया। इसके अलावा नगर के अनेक परिवारों एवं विभिन्न संस्थाओं ने भी तपस्वी का अभिनंदन कर तप की अनुमोदना की। नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शोभायात्रा पौषध भवन पहुंची, जहां यह बहुमान समारोह में परिवर्तित हो गई।

तप की महत्ता बताकर दी साधुवाद

बहुमान समारोह में तत्वज्ञ श्री धर्मेंद्रमुनिजी म. सा. एवं श्री संदीपमुनिजी म. सा. ने तप की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए युवा तपस्वी अर्पित मेहता की कठोर तपस्या की खूब-खूब अनुमोदना की तथा तपस्वी को धन्यवाद एवं साधुवाद दिया। मुनि मंडल ने तपस्या के दौरान परिवारजनों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए भी मेहता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। मासक्षमण तपस्वी की बहन सलोनी जैन देवास ने मारवाड़ी भाषा में भावपूर्ण स्तवन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

तप की बोली लगाकर किया बहुमान

श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ की ओर से तपस्वी अर्पित मेहता के तप की बोली तप से लगवाकर उनका बहुमान एवं अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। इस दौरान अनेक परिवारों एवं संस्थाओं ने भी तपस्वी का सम्मान कर उनकी तपस्या की अनुमोदना की। धर्मसभा में श्रावक-श्राविकाओं ने मुक्त कंठ से तपस्वी के जयकारे लगाए।

कार्यक्रम का संचालन श्रीसंघ सचिव हितेश शाह ने किया। स्वधर्मी वात्सल्य का लाभ प्रवीण शांतिलाल मेहता परिवार ने लिया। वर्षावास के दौरान बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ धर्म, साधना एवं तप आराधना में रमण कर रहे हैं। श्रीसंघ में अनेक तपस्वी मासक्षमण सहित विभिन्न तप आराधनाओं की ओर अग्रसर हैं।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"