लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर ने किया शिक्षकों का सम्मान

शिक्षक राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार, उनके सम्मान से बढ़ता है समाज का गौरव

पेटलावद (सम्यक दृष्टि न्यूज़, जितेश विश्वकर्मा)

शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह राष्ट्र के भविष्य का शिल्पकार होता है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण से लेकर उनमें संस्कारों का बीजारोपण करने तक शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक सम्मान के अधिकारी हैं और समाज का दायित्व है कि वह उनके योगदान को सम्मान और आदर प्रदान करे। आज के बदलते परिवेश में शिक्षकों की जिम्मेदारियां और भी बढ़ गई हैं। इन जिम्मेदारियों पर खरा उतरना ही वास्तविक शिक्षक दिवस की सार्थकता होगी।

उक्त विचार लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में कन्या शाला के प्राचार्य योगेंद्र प्रसाद ने व्यक्त किए।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया गया।

गुरु शिष्य के जीवन को संस्कारों से करते हैं समृद्ध

स्वागत भाषण देते हुए लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर के अध्यक्ष लायन वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि गुरु अपने भीतर ब्रह्मा, विष्णु और महेश—तीनों की भूमिका समाहित किए हुए होते हैं। वे शिष्य के अवगुणों को दूर कर उसमें सद्गुणों का विकास करते हैं और उसे एक संस्कारी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। हमारे क्षेत्र के शिक्षक सदैव इस महत्वपूर्ण दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करते आए हैं।

मुख्य अतिथि नितिन परमार, प्राचार्य कन्या शाला सारंगी ने कहा कि लायंस क्लब द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षकों के मन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा का सम्मान है।

शिक्षक स्वयं आगे बढ़कर दूसरों को आगे बढ़ने की राह दिखाता है

एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य प्रकाश कुमार ठाकुर ने शिक्षक की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षक अपने जीवन का अधिकांश समय विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में लगा देता है। वह ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर शिक्षक मोहन सोलंकी, धर्मेंद्र जानी, गोपाल काग एवं निलेश सामवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक उस कुशल कुम्हार के समान होता है, जो मिट्टी के घड़े को आकार देते समय बाहर से चोट करता है, लेकिन भीतर से उसे सहारा भी देता है। इसी प्रकार शिक्षक अनुशासन और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को आकार देकर उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

क्लब के उपाध्यक्ष लायन चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि शिष्य के जीवन में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहता है। गुरु ही वह शक्ति है, जो विद्यार्थी को सही दिशा दिखाकर उसके जीवन को उद्देश्यपूर्ण बनाती है।

अभिनंदन पत्र एवं कलम भेंट कर किया सम्मान

शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा शिक्षकों को अभिनंदन पत्र एवं शिक्षक के महत्वपूर्ण हथियार कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य प्रकाश कुमार ठाकुर, योगेंद्र प्रसाद, नितिन परमार, धर्मेंद्र जानी, मोहन सोलंकी, गोपाल काग, धर्मेंद्र द्विवेदी, निलेश सामवेदी, महेश काग, सुनील डामर, शिवराम खंडहरे, श्रीमती प्रतिभा प्रसाद, श्रीमती निलेश सामवेदी, श्रीमती दुर्गेश पांचाल, श्रीमती जिज्ञासा भट्ट एवं श्रीमती रियिका भट्ट सहित अनेक शिक्षकों का सम्मान किया गया।

समारोह में एक्जिक्यूटिव केबिनेट सेक्रेटरी लायन सुरेश प्रजापति, प्रवीण पंवार, सुनील राठौड़, नवीन वैरागी, दिलीप पाटीदार, पवन गुप्ता, चेतन कटकानी, रजनीश पटवा, डॉ. सुरेश प्रजापति, जयराज भट्ट, अनिरुद्ध अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, जितेंद्र विश्वकर्मा, ममता पंवार, लक्ष्मी वैरागी, ज्योति पाटीदार, निशा गुप्ता,  प्रीति पटवा एवं पूजा अग्रवाल सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन लायन रविराज पुरोहित ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन क्लब सचिव लायन उषा प्रजापति ने किया।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"