“गायत्री उपवन पौधरोपण महायज्ञ”

पेटलावद में गायत्री परिवार का ‘वृक्ष गंगा अभियान’ प्रारंभ: 6 सितंबर को गायत्री उपवन पौधरोपण महायज्ञ

पेटलावद (सम्यक दृष्टि न्यूज़)अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के अंतर्गत पेटलावद में “गायत्री उपवन पौधरोपण महायज्ञ” के लिए स्नेहिल जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया गया है।

दिनांक 29 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान की शुरुआत माँ गायत्री, परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर इस पुनीत कार्य के सफल आयोजन का संकल्प लेने के साथ हुई। आगामी रविवार, 6 सितंबर को आयोजित होने वाले इस विशाल पौधरोपण महायज्ञ में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पेटलावद नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों के पदाधिकारियों व परिजनों से आत्मीय भेंट की जा रही है।

विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों को उनके समस्त परिवारजनों सहित इस पर्यावरणीय महायज्ञ में सहभागी बनने के लिए स्नेहपूर्वक आमंत्रित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नगरवासियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि एक पौधा केवल रोपना ही नहीं, बल्कि उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेना भी हमारा सामूहिक दायित्व है। आने वाले दिनों में शेष संगठनों से संपर्क कर सभी को इस पुनीत कार्य से जोड़ा जाएगा।

“एक वृक्ष — एक जीवन, एक संकल्प — हरित भविष्य” के मूल संदेश के साथ गायत्री परिवार ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर वृक्षारोपण को एक जन-अभियान बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"