अवैध शराब तस्करी पर झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पेटलावद पुलिस ने 5 लाख 50 हजार रुपये की अवैध शराब एवं पिकअप वाहन किया जब्त

झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़) 29 मई 2026 
जिले में अवैध गतिविधियों, शराब तस्करी एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिलेभर के थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत थाना पेटलावद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब एवं पिकअप वाहन जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुरक्ति साबनानी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दिनांक 29 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बदनावर-भैसोला क्षेत्र की ओर से एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर पेटलावद की ओर लाई जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई तथा बरवेट चौराहा सारंगी पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से पेटलावद की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए चौकी सारंगी के शासकीय वाहन से पीछा किया तथा घेराबंदी कर चौकी के पास संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम संदीप पिता समसु चरपोटा उम्र 26 वर्ष निवासी तिखीपाड़ा तथा जितेन्द्र पिता राजु गणावा उम्र 19 वर्ष निवासी तिखीपाड़ा बताए। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर पिकअप में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 50 पेटी देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर पाए गए। इस प्रकार कुल 450 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP45G2994 भी जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 5 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का मशरूका पुलिस द्वारा जब्त किया गया।

थाना पेटलावद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 249/2026 धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

झाबुआ पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है।

सराहनीय भूमिका

उक्त सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया, चौकी प्रभारी सारंगी उप निरीक्षक दीपक देवरे, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक गोवर्धनलाल धाकड़, सहायक उप निरीक्षक शिवकुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक मुकेश एवं आरक्षक 684 अजय चौहान की विशेष सराहनीय भूमिका रही।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"