पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों एवं थाना क्षेत्र के नक्शों का अवलोकन किया

कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने मैदान में उतरे एसपी देवेंद्र पाटीदार, काकनवानी, मेघनगर व हरिनगर चौकी का किया आकस्मिक निरीक्षण

झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़) जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार द्वारा शुक्रवार को थाना काकनवानी, थाना मेघनगर एवं चौकी हरिनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, सुरक्षा संसाधनों तथा अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी पाटीदार ने सबसे पहले थाना परिसरों की स्वच्छता एवं अनुशासन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मालखाना, हवालात एवं थाना परिसर में रखे अभिलेखों की बारीकी से जांच की। हवालात की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए बंदियों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मालखाने में रखे जब्त माल, हथियारों एवं अन्य सामग्री का रिकॉर्ड से मिलान कर उनके रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शस्त्र एवं जब्त सामग्री का व्यवस्थित संधारण पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों एवं थाना क्षेत्र के नक्शों का अवलोकन किया। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीति तैयार करें। सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर सतत नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी पाटीदार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसरों में खड़े जप्तशुदा वाहनों एवं अवैध शराब के मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पुराने वाहनों एवं जप्त शराब का समयबद्ध नष्टीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि थाना परिसर में अनावश्यक अव्यवस्था समाप्त हो सके और परिसर अधिक सुव्यवस्थित बना रहे। इसके साथ ही सीसीटीएनएस एवं एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा एंट्री तथा साइबर अपराध संबंधी शिकायतों के निराकरण की प्रगति का भी अवलोकन किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने समस्त थाना बल को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय एवं परिणाममूलक बनाया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि फरियादियों एवं आमजन के साथ संवेदनशील, विनम्र एवं शालीन व्यवहार रखा जाए तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में पूरी गंभीरता बरती जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय स्तर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसपी देवेंद्र पाटीदार ने हरिनगर-बालवासा मार्ग एवं गुजरात सीमा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पीपलखुटा स्थित मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। निरीक्षण के समय संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित समस्त थाना बल उपस्थित रहा।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"