हॉर्न बजाने पर ट्रैक्टर सवारों का बस पर हमला, तोड़फोड़ और मारपीट
पेटलावद (सम्यक दृष्टि न्यूज़ जितेश विश्वकर्मा)
शुक्रवार शाम पेटलावद क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब हॉर्न बजाने की बात को लेकर ट्रैक्टर सवार युवकों ने यात्रियों से भरी बस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल बस में तोड़फोड़ की, बल्कि चालक, कंडक्टर और बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी इसके बाद बस में घुस गए और चालक दिनेश डामर तथा कंडक्टर के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। जब चालक की पत्नी सुनीता डामर बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की। महिला यात्री को जबरन बस से नीचे उतारने का प्रयास भी किया गया। धक्का-मुक्की के दौरान उसका मंगलसूत्र गिर गया, जिससे वह काफी घबरा गई।
घटना के दौरान बस में मौजूद यात्री महेश ओसारी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बनाना शुरू किया। यह देख आरोपी और भड़क गए तथा उस पर लट्ठ से हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आईं। अचानक हुए इस हमले से बस में बैठे यात्री दहशत में आ गए और कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से नीचे उतरकर इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बस चालक दिनेश डामर की रिपोर्ट पर सुरेश डामर, बहादुर मेडा और अर्जुन मेडा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, तोड़फोड़, महिलाओं से अभद्रता और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा घटना के वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ती दबंगई और हिंसक घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla



.jpg)
0 टिप्पणियाँ