नवागत पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में सड़क सुरक्षा

हेलमेट है जीवन रक्षा कवच: पेटलावद पुलिस की बाइक रैली ने दिया सड़क सुरक्षा का मजबूत संदेश

पेटलावद (सम्यक दृष्टि न्यूज़, जितेश विश्वकर्मा)

झाबुआ जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इसी अभियान के तहत पेटलावद पुलिस ने नगर में भव्य बाइक रैली निकालकर नागरिकों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया। इस पहल का उद्देश्य दुपहिया वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

पुलिस थाना पेटलावद से प्रारंभ हुई इस जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान हेलमेट पहनकर शामिल हुए। अनुशासित ढंग से निकली यह रैली नगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, श्रद्धांजलि चौक सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन और हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया।

रैली के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के लिए समाज में जागरूकता आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। पुलिस द्वारा आने वाले समय में इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा, जिसमें जागरूकता कार्यक्रमों के साथ नियमों की सख्त पालना भी सुनिश्चित की जाएगी।

पेटलावद पुलिस की इस पहल को नगरवासियों ने सराहा और इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। सड़क सुरक्षा के प्रति इस तरह के प्रयास निश्चित रूप से नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करेंगे और दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक सिद्ध होंगे। पेटलावद पुलिस का यह संदेश साफ है—“हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें, जीवन बचाएं।”

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"