लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण व अपराध नियंत्रण के दिए सख्त निर्देश

थांदला थाना, नौगांवा व अंतर्वेलिया चौकी का एसपी देवेंद्र पाटीदार ने किया औचक निरीक्षण

झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़)10 मई 2026

झाबुआ जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने शनिवार को थाना थांदला, चौकी नौगांवा एवं अंतर्वेलिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, लंबित अपराधों, जप्ती माल, सीसीटीवी व्यवस्था तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों एवं प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए हॉट स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सतत जांच करने तथा गुंडा और निगरानी बदमाशों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही VCNB रजिस्टर की जांच कर प्रविष्टियों का अवलोकन किया एवं रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी श्री पाटीदार ने साइबर संबंधी शिकायतों के शीघ्र निराकरण तथा पीड़ितों की होल्ड राशि वापस दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। थाना परिसर की स्वच्छता, रिकॉर्ड संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।

माइक्रो बीट प्रणाली की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखने और महत्वपूर्ण सूचनाओं को सूचना पुस्तिका में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ाव ही अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है।

निरीक्षण के दौरान थाना एवं चौकियों में लगे सीCTV कैमरों की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया। तकनीकी रूप से खराब पाए गए कैमरों को शीघ्र सुधारने तथा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जनसहयोग से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दिया गया।

कस्टोडियल डेथ जैसे संवेदनशील विषय पर भी एसपी ने थाना प्रभारियों एवं स्टाफ को आरोपियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके वेलफेयर पर चर्चा की।

एसपी श्री पाटीदार ने पुलिस बल को अनुशासन, निष्ठा एवं टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही थाना थांदला क्षेत्र के ग्राम सेमलपाड़ा में मृतिका खीमा पति दोला मईड़ा की निर्मम हत्या के मामले में एसडीओपी थांदला एवं थाना प्रभारी को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह निरीक्षण जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"