पति बना हैवान: पत्नी की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाई सनसनीखेज वारदात
झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़) 11 मई 2026
झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमलपाड़ा में वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में थांदला पुलिस की तेज कार्रवाई से यह गंभीर मामला महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी थांदला एवं थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में विशेष जांच प्रारंभ की गई। डॉक्टरों के पैनल द्वारा की गई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार महिला की मृत्यु अत्यधिक मारपीट से लगे गहरे सदमे (शॉक) के कारण हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों, ग्रामीणों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में सामने आया कि 7 मई की शाम लगभग 5 बजे से 7 बजे के बीच खीमाबाई और उसके पति दौला मईड़ा के बीच घरेलू विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने बांस के डंडे से पत्नी के मुंह, कंधे, हाथों की कलाइयों और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर निर्ममता से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्यों के आधार पर थाना थांदला पुलिस ने आरोपी दौला पिता सड़िया मईड़ा निवासी सेमलपाड़ा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक कनेश, उपनिरीक्षक राजाराम भगोरे, एएसआई शैलेंद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजेंद्र रावत, आरक्षक अनिल परमार, राहुल जमरा, जितेश एवं अखिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
झाबुआ पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह मामला घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों को भी उजागर करता है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ