मध्यम परिवार से निकलकर गृह मंत्रालय में श्रेष्ठ स्थान, 35 लाख परीक्षार्थियों में बनाई पहचान

थांदला के मेहुल जैन ने रचा इतिहास, केंद्रीय सचिवालय परीक्षा में टॉप 50 में स्थान पाकर बने सेक्शन ऑफिसर

थांदला. (सम्यक दृष्टि न्यूज़) झाबुआ जिले के ग्रामीण अंचल में बसे थांदला नगर के युवा मेहुल योगिता प्रदीप जैन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मेहुल ने केंद्रीय सचिवालय (सीएसएस) दिल्ली की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में टॉप 50 में स्थान प्राप्त कर गृह मंत्रालय में श्रेष्ठ 2 में अपनी जगह बनाई और सेक्शन ऑफिसर के पद पर नियुक्ति हासिल की है।

साधारण परिवार से आने वाले मेहुल की यह सफलता संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बेटे की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। मेहुल का कहना है कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर परिस्थिति में उनका साथ दिया।
मेहुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा थांदला से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रतलाम और दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने केंद्रीय सेवाओं में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करते रहे। इस कठिन प्रतियोगी परीक्षा में देशभर के लगभग 35 लाख परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जिसमें मेहुल ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके बाद मुख्य परीक्षा में 1 लाख 40 हजार अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने 48वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मेहुल के माता-पिता सामान्य व्यवसाय से जुड़े हैं, लेकिन उन्होंने अपने बेटे के सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत की। मेहुल का मानना है कि माता-पिता की सच्ची पूंजी उनकी संतान होती है, इसलिए हर अभिभावक को अपने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
मेहुल की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे थांदला नगर में हर्ष का माहौल है। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील पणदा, पार्षद राजू धनाक, दिलीप डामोर, संघ अध्यक्ष प्रदीप गादिया, जीवदया अभियान के पवन नाहर, आत्माराम शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश तलेरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने मेहुल और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। परिवारजनों में बसंतीलाल जैन, रतनलाल जैन, सुरेश मुथा, रीना नितेश जैन, राजकुमार मुथा सहित इष्ट मित्रों ने भी खुशी व्यक्त करते हुए मेहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"