सर्व हिन्दू समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, मौन रैली निकालकर जताया आक्रोश

बेरहम हत्यारों को फांसी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग


पेटलावद. (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट \ सम्यक दृष्टि न्यूज़) धार जिले के थाना राजोद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में हुए चर्चित देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड को लेकर पेटलावद में सर्व हिन्दू समाज द्वारा शनिवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर मौन रैली निकाली और घटना के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया। इसके पश्चात महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार अनिल बघेल को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में समाजजनों ने इस हत्याकांड को अत्यंत जघन्य और अमानवीय बताते हुए आरोपियों को मृत्युदंड देने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान करने की भी अपील की गई। समाज का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित कर रही हैं, जिन्हें रोकना अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 की रात को देवकृष्ण पुरोहित की निर्मम हत्या उसकी पत्नी प्रियंका द्वारा अपने प्रेम प्रसंग के चलते कथित रूप से प्रेमियों के साथ मिलकर की गई। पुलिस जांच में इस घटना की साजिश का खुलासा होने के बाद यह सामने आया कि पूरी वारदात की मास्टरमाइंड स्वयं पत्नी ही थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

राजगोर ब्राह्मण समाज एवं अन्य सामाजिक संगठनों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान समय में प्रेम प्रसंगों के चलते निर्दोष व्यक्तियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जो समाज के नैतिक मूल्यों और पारिवारिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। समाजजनों ने इसे भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों के पतन से जोड़ते हुए सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की।

इसके अलावा ज्ञापन में फरार आरोपी सुरेन्द्र भाटी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समाज ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में विशेष रूप से मृतक की माता लक्ष्मीबाई पुरोहित की स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने अपने इकलौते पुत्र को खो दिया है, जिससे वे पूरी तरह टूट चुकी हैं। समाज ने शासन-प्रशासन से मांग की कि उन्हें आर्थिक सहायता, पेंशन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें संबल मिल सके और वे अपने जीवन को आगे बढ़ा सकें।

इस दौरान मौन रैली में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने का संकल्प लिया

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"