थांदला में सकल जैन समाज द्वारा सामूहिक जाप का भव्य आयोजन, पौषध भवन व मंदिरों में गूंजा नवकार
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) द्वारा आयोजित इस वैश्विक कार्यक्रम में विश्व के 108 देशों के लाखों श्रद्धालुओं ने एक समय पर सामूहिक रूप से नवकार मंत्र का जाप कर विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से थांदला नगर भी जुड़ा और यहां के श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन स्थानीय पौषध भवन में संपन्न हुआ। यहां विराजित महासती पूज्या श्री निखिलशीलाजी म.सा. एवं ठाणा-4 के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने श्वेत वस्त्र धारण कर अनुशासित एवं भक्तिमय वातावरण में नवकार महामंत्र का जाप किया। पुरुष एवं महिला वर्ग ने एक स्वर में मंत्रोच्चार करते हुए पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। सामूहिक जाप के दौरान वातावरण में अद्भुत शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों को आत्मिक शांति का अनुभव कराया।
सभा को संबोधित करते हुए महासती निखिलशीलाजी म.सा. ने नवकार महामंत्र की महिमा का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र 14 पूर्वों का सार है और यह समस्त पापों का नाश करने वाला, आत्मा को शुद्ध करने वाला तथा गुणों की उपासना का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि यह मंत्र किसी एक धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि समस्त जीवों के कल्याण की भावना को व्यक्त करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को नियमित रूप से नवकार मंत्र का जाप करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता का विकास होता है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्तवन, महासतीजी के वंदन एवं उनके मंगल पाठ के साथ हुआ। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में सकल जैन समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में नवकार मंत्र का जाप करते हुए विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की।
थांदला नगर में यह दिवस विशेष रूप से पुण्य सम्राट आचार्य श्री जयंतसेनसूरीश्वरजी महाराज के 9वें पुण्य स्मरण दिवस के रूप में भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उनके अनुयायियों द्वारा वर्षीतप आराधकों के सामूहिक पारणों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। इसके पश्चात जैन श्रीसंघ द्वारा सामूहिक नवकारसी का आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक धार्मिक गरिमा प्रदान की।
उक्त जानकारी जैन श्रीसंघ के सचिव हितेश शाहजी एवं अध्यक्ष प्रदीप गादिया द्वारा प्रदान की गई।
अणु पब्लिक स्कूल में भी गूंजा नवकार मंत्र
विश्व नवकार दिवस के अवसर पर स्थानीय अणु पब्लिक स्कूल में भी विशेष आयोजन किया गया। संस्था के संचालक हर्ष गादिया, प्राचार्य नायर एवं समस्त स्टाफ के साथ विद्यार्थियों ने पूर्ण एकाग्रता और श्रद्धा के साथ नवकार मंत्र का जाप किया। विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ और विद्यार्थियों में धार्मिक संस्कारों का संचार हुआ। बच्चों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ जाप कर इस आयोजन को सफल बनाया।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla



.jpg)
0 टिप्पणियाँ