विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना

चैत्र नवरात्रि समापन पर गायत्री शक्तिपीठ में श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, पंच कुंडीय यज्ञ एवं कन्या पूजन संपन्न

पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)

चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व का समापन शनिवार को नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शक्तिपीठ परिसर में भव्य पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से आए सैकड़ों श्रद्धालु एवं गायत्री परिजनों ने भाग लेकर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित कीं।

प्रातःकाल से ही शक्तिपीठ परिसर में धार्मिक वातावरण बन गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ की विधिवत शुरुआत हुई। विद्वान आचार्यों के मार्गदर्शन में यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई। यज्ञ के दौरान वातावरण गायत्री मंत्र, भजनों और धार्मिक ध्वनियों से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटी-छोटी बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और उपहार व दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य अत्यंत भावुक और श्रद्धामय रहा, जिसने सभी उपस्थित लोगों को भक्ति भाव से अभिभूत कर दिया।

इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन की व्यवस्थाएं अत्यंत सुव्यवस्थित रही, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

इस वृहद धार्मिक आयोजन में केवल पेटलावद नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रायपुरिया, करवड़, रूपगढ़, सारंगी, बनी, बेकल्दा और पांचपिपला सहित अनेक गांवों के गायत्री परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को भव्य और सफल बनाया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, सेवा और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"