77 करोड़ की सौगात: झकनावदा-टिमायची-मोहनपुरा मार्ग का भूमि पूजन, विकास को मिलेगी रफ्तार
झकनावदा/पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)ग्राम बेकल्दा में आज झकनावदा-टिमायची-मोहनपुरा मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन उत्साह और जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। करीब 77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह 40 किलोमीटर लंबी सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया उपस्थित रहीं।
विकास ही प्राथमिकता
अपने संबोधन में मंत्री निर्मला भूरिया ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पहले इस इलाके में मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, लेकिन आज पानी, सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह भूरिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जो विकास की नींव रखी थी, उसे आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी है।
किसानों को मिल रहा लाभ
मंत्री ने कहा कि बेकल्दा और सेमरी तालाब सहित माही परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल रही है। इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है और किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान अब अन्य उन्नत राज्यों के बराबर उत्पादन करने लगे हैं।
बिजली और सड़कों पर फोकस
उन्होंने जानकारी दी कि जिन क्षेत्रों में बिजली की समस्या है, वहां नए ग्रिड स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कों को मंजूरी दी जा चुकी है, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट ने मंत्री के प्रयासों की सराहना की। वहीं अजमेरसिंह भूरिया ने कहा कि यह सड़क वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है और इससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
बड़ी संख्या में रही उपस्थिति
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ ने किया, जबकि आभार जनपद सदस्य कालुसिंह चौहान ने माना।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ