अपराधियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

झाबुआ पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन : 4 इनामी स्थायी वारंटी सहित 22 वांछित आरोपी गिरफ्तार, जिलेभर में अपराधियों पर कसी नकेल

झाबुआ (सम्यक दृष्टि न्यूज़) 25 मई 2026


झाबुआ. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा रविवार रात व्यापक स्तर पर विशेष कॉम्बिंग गश्त ऑपरेशन संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने फरार अपराधियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुराने और सक्रिय अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान विशेष रूप से उन आरोपियों को चिन्हित किया गया जिनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस ने गांवों, कस्बों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। साथ ही देर रात आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।

कॉम्बिंग ऑपरेशन में जिलेभर से 2 राजपत्रित अधिकारियों सहित 170 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान पुलिस ने 20 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 4 इनामी स्थायी वारंटी भी शामिल हैं। इन आरोपियों पर कुल 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा पुलिस ने 2 इनामी फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। वहीं 22 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कर न्यायालयीन प्रक्रियाओं को भी प्रभावी रूप से पूरा किया गया।

अभियान के तहत पुलिस द्वारा जिलेभर में 108 गुण्डा चेक, 98 निगरानी बदमाश चेक तथा 24 संपत्ति संबंधी अपराधियों की जांच की गई। पुलिस ने आदतन अपराधियों और जिला बदर बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्हें कानून व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अपराधियों की निरंतर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई गई। वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत कुल 111 चालान बनाए गए तथा 44 हजार 200 रुपये की समन शुल्क राशि वसूल की गई। इसके साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए।

झाबुआ पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"