थांदला में गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर प्रशासन सख्त, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता
![]() |
| अनुविभागीय अधिकारी भास्कर गाचले |
अनुविभागीय अधिकारी भास्कर गाचले के निर्देशन में शुक्रवार को पत्रकारों की बैठक आयोजित कर गैस सिलेंडर की आपूर्ति एवं उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल आवश्यक सेवाओं और अत्यंत जरूरी उपयोग के लिए ही की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार जिन स्थानों पर चिकित्सालय या अन्य आवश्यक सेवाएं संचालित हो रही हैं, वहां की मांग शासन द्वारा मंगाई गई है और उसी आधार पर सीधे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में यह भी बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति या संस्थान घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को भी स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
एसडीएम गाचले ने बताया कि प्रशासन द्वारा नगर के अधिकांश होटल संचालकों, रेस्टोरेंट संचालकों और मैरिज हॉल संचालकों की बैठक भी बुलाई गई। उन्हें शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को विशेष रूप से विद्युत आधारित उपकरणों जैसे इंडक्शन चूल्हे आदि का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि गैस की खपत कम हो सके।
साथ ही सामूहिक कार्यक्रमों जैसे विवाह आदि में गैस सिलेंडर के उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे आयोजनों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस का उपयोग आवश्यकतानुसार ही करें और शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ