लायंस क्लब थांदला का वर्ष 2026-27 के लिए 47वां पदस्थापना समारोह

थांदला लायंस क्लब का 47वां पदस्थापना समारोह संपन्न, डॉ. ओमप्रकाश बजाज बने अध्यक्ष

थांदला के इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड सदस्यता, सेवा के नए संकल्प के साथ नई टीम का गठन

थांदला (सम्यक दृष्टि न्यूज़)

सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भावना से ओतप्रोत लायंस क्लब थांदला का वर्ष 2026-27 के लिए 47वां पदस्थापना समारोह स्थानीय मेट्रो गार्डन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अंचल के लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश बजाज ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर लायंस क्लब के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नए सदस्यों ने संस्था से जुड़कर सेवा का संकल्प लिया, जिससे पूरे आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया।

अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद ध्वज वंदन किया गया तथा विश्व शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर मानवता के कल्याण की कामना की गई। निवर्तमान अध्यक्ष चिराग घोड़ावत ने स्वागत भाषण देते हुए वर्ष 2025-26 में क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, रक्तदान एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

राम जाट ने दिलाई शपथ, एसडीएम सहित कई गणमान्य बने नए सदस्य

समारोह के मुख्य अतिथि एवं शपथ अधिकारी लायन राम जाट (वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-01) ने नवीन कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का वैश्विक परिवार है। उन्होंने नवगठित टीम से समाजहित में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में नए सदस्यों ने लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की। इनमें एसडीएम भास्कर गाँचले, तहसीलदार शुकदेव डावर, थाना प्रभारी अशोक कनेश, डॉ. मनीष दुबे, डॉ. कमलेश परस्ते, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर शर्मा, समाजसेवी पंकज व्यास, बलराम राठौड़, सीए महिप घोड़ावत एवं प्रवीण धमनियां प्रमुख रहे। वहीं बाहर होने के कारण सीएमओ कमलेश जायसवाल, पी.एस. मुनिया, रितेश गुप्ता, ओम शर्मा, ललित शर्मा एवं किशोर पड़ियार आगामी कार्यक्रम में सदस्यता ग्रहण करेंगे।

लायंस क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना, समाजहित में कार्य तेज करने का आह्वान

विशिष्ट अतिथि एसडीएम भास्कर गाँचले ने कहा कि लायंस क्लब वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों की बदौलत समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो पाता है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा ने भी नवीन अध्यक्ष एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए नगर विकास और सामाजिक सेवा में क्लब की भूमिका को सराहनीय बताया।

रीजन चेयर पर्सन अनिल शर्मा एवं जोन चेयर पर्सन जीवन भंडारी ने लायंस क्लब इंटरनेशनल की वैश्विक सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए दृष्टि संरक्षण, मधुमेह जागरूकता, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के विभिन्न प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

दिवंगत लायन सदस्यों को श्रद्धांजलि, परिजनों का सम्मान बना भावुक पल

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब लायंस क्लब थांदला से लंबे समय तक जुड़े रहकर सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिवंगत लायन सदस्यों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उनके चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके परिजनों का सम्मान किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नवीन अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश बजाज ने अपने प्रथम संबोधन में कहा कि आने वाले वर्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, चिकित्सा सहायता एवं जरूरतमंदों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा कार्यों का दायरा और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

11 विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान, नई कार्यकारिणी का हुआ परिचय

समारोह में समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 11 विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इनमें प्रशांत उपाध्याय (रक्तवीर सम्मान), गगनेश उपाध्याय (मुक्तिधाम उत्कृष्ट सेवा सम्मान), यतीश डायजी (महाप्राण सेवक सम्मान), कालुसिंह भूरिया (क्रीड़ा प्रशिक्षक सम्मान), जगमोहन सिंह राठौर (साहित्य एवं लेखन सम्मान), ओमप्रकाश शर्मा (प्रकृति प्रहरी सम्मान), इंदर रूनवाल (योगाचार्य सम्मान), डॉ. मनीष दुबे एवं डॉ. कमलेश परस्ते (चिकित्सा सम्मान), सुश्री प्रीति जोसेफ (जन चिकित्सकीय सेवा सम्मान) तथा थांदला के प्रथम रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अर्पित भटेवरा को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में लायन महेंद्र सोनी ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की, जबकि प्रकाश घोड़ावत एवं उमेश पींचा ने क्लब की 46 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा का उल्लेख किया। इस अवसर पर दिनकर वाजपेयी को सचिव एवं सावन गर्ग को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, समाजसेवी, विधायक, पूर्व विधायक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजेश वैद्य एवं जगत शर्मा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में अभिनव बजाज ने आभार व्यक्त किया। सेवा, सम्मान और सामाजिक प्रतिबद्धता से परिपूर्ण यह आयोजन नगर के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"