सांदीपनी विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
पेटलावद. (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट) सांदीपनी विद्यालय में शनिवार को गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के वातावरण में हुआ। मध्य प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सफलता, अनुशासन, संस्कार और कड़ी मेहनत का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि "जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। केवल निरंतर परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।"
मंत्री श्रीमती भूरिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समय का सदुपयोग करें और शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा साधन मानकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही भविष्य का जिम्मेदार नागरिक है, इसलिए उसे ज्ञान के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी ग्रहण करने चाहिए।
एआई के दौर में डिजिटल जागरूकता और संस्कारों पर दिया जोर
मंत्री भूरिया ने आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग आवश्यक है, लेकिन उसका विवेकपूर्ण उपयोग और डिजिटल सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने, सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ न करने तथा अपनी पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय एक बार निकल जाने के बाद लौटकर नहीं आता, इसलिए विद्यार्थी अपने वर्तमान का सही उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि सांदीपनी विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा देना नहीं, बल्कि प्राचीन गुरुकुल परंपरा के अनुरूप विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति जैसे संस्कार विकसित करना भी है। यही मूल्य विद्यार्थियों को जीवन में श्रेष्ठ नागरिक बनने की दिशा प्रदान करेंगे।
गुरु पूजन, सम्मान और मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने वरिष्ठ शिक्षकों सत्यनारायण भाटी, ओ.एस. मेड़ा, एन.एस. पंवार, कृष्णकांत शुक्ला, जमनालाल लछेटा, श्रीमती सीता ठाकुर और दीपक भटेवरा का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही जिले की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट ने कहा कि मंत्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक आधुनिक बदलाव किए हैं, जिनका लाभ ग्रामीण अंचलों तक पहुंच रहा है। जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी का नेतृत्व महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से निर्मला भूरिया प्रभावी ढंग से कर रही हैं। मंडल अध्यक्ष संजय कहार ने गुरु को जीवन का सच्चा मार्गदर्शक बताया। सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. बामनिया ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुशासन का महत्व समझाया। विद्यालय के प्राचार्य पुरालाल चौहान ने स्वागत भाषण दिया, जबकि छात्राओं अक्षरा खान और शिवन्या भट्ट ने गुरु महिमा पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान की शुरुआत
गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लायंस क्लब, पेटलावद सेंट्रल की ओर से विद्यालय को ट्री-गार्ड भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम का संचालन राहुल पाटीदार एवं अर्पिता गणावा ने किया तथा आभार बीईओ देवेंद्र ओझा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोहर भटेवरा, अनिल मुलेवा, सोनू विश्वकर्मा, जगदीश जाटव, मुकेश पुरोहित, आशीष बाविस्कर, लायंस क्लब अध्यक्ष अनुराग गौड़, शिवा राठौड़, तहसीलदार यशपाल मुजाल्दा, थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया, रेखा गिरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रेरणा, सम्मान और संस्कारों के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic,


.jpg)
0 टिप्पणियाँ