लहसुन की आड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़, पेटलावद पुलिस ने 334 पौधे किए जब्त
पेटलावद.(जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पेटलावद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम गरवाखेड़ी में पुलिस ने लहसुन की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 334 अफीम के पौधे जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गरवाखेड़ी में कुछ लोग अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) अनुरक्ति साबनानी के मार्गदर्शन में रायपुरिया और झकनावदा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। खेत की तलाशी लेने पर पुलिस को लहसुन की फसल के बीच छिपाकर लगाए गए अफीम के 334 पौधे मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अम्बालाल पिता ऊंकार धनोरिया और भेरूलाल पिता ऊंकार धनोरिया ने पुलिस और प्रशासन की नजरों से बचने के लिए अफीम के पौधों को लहसुन की फसल के बीच लगाया था, ताकि किसी को शक न हो। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अम्बालाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी भेरूलाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में रायपुरिया थाना प्रभारी गीता जाटव, झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ