गणतंत्र दिवस को लेकर जोरदार तैयारियां

नगर परिषद् थांदला में 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर जोरदार तैयारियां, विभिन्न स्थानों पर होंगे भव्य कार्यक्रम

नगर के विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों में भी लहराएगा तिरंगा 

थांदला. (सम्यक दृष्टि न्यूज़) 

नगर परिषद् थांदला द्वारा भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को नगर में भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर नगर परिषद् प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। नगर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु व्यापक तैयारियां की जा चुकी हैं।

गणतंत्र दिवस पर कई स्थानों पर होगा ध्वजारोहण

प्राप्त जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत प्रातः 07:30 बजे नगर परिषद् कार्यालय में होगी। यहां मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमलेश जायसवाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर परिषद् कर्मचारी, अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत होगी।

इसके पश्चात प्रातः 08:30 बजे नगर के आज़ाद चौक पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां नगर परिषद् की अध्यक्ष माननीया श्रीमती लक्ष्मी सुनिल पणदा के करकमलों से ध्वजारोहण संपन्न होगा। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा एवं देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के आदर्शों को नमन किया जाएगा।

मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह दशहरा मैदान में प्रातः 09:15 बजे आयोजित होगा। यहां जनपद पंचायत थांदला की अध्यक्ष माननीया श्रीमती पोनी जालम डामोर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण उपरांत राष्ट्र के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा, जिसमें संविधान की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती तथा नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।

इस अवसर पर नगर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य, नाट्य एवं सामूहिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी, जो उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम एवं प्रेरणा का संचार करेंगी।

नगर परिषद् अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनिल पणदा ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान के प्रति आस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय कर्तव्यों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने समस्त नगरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं। वहीं उपाध्यक्ष श्री पंकज जागीरदार ने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही राष्ट्रीय पर्वों की वास्तविक भावना साकार होती है।

गणतंत्र दिवस पर नगर के विद्यालयों में भी लहराएगा तिरंगा, बच्चों में दिखेगा देशभक्ति का उत्साह

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर परिषद् थांदला के कार्यक्रमों के साथ-साथ नगर के विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों में भी ध्वजारोहण हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। अणु पब्लिक स्कूल, संस्कार पब्लिक स्कूल, वेद विद्यानिकेतन स्कूल सहित नगर के अन्य निजी एवं शासकीय स्कूलों में भी राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।

विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शिक्षकगण बच्चों को संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान एवं नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देंगे। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।

समारोह में नगर परिषद् के समस्त पार्षदगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें सभापति आवास, पर्यावरण, लोक निर्माण एवं जल कार्य विभाग श्रीमती माया सचिन सोलंकी, खाद्य नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सभापति श्री जगदीश प्रजापत, राजस्व एवं बाजार विभाग के सभापति श्री जितेन्द्र (कन्नू) मोरिया, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण विभाग की सभापति श्रीमती धापु गौरसिंह वसुनिया, पुनर्वास, नियोजन एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सभापति श्री संदीप (गोलु) उपाध्याय सहित जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती भूमिका आशीष सोनी एवं राजू धानक सहित अन्य पार्षदगण शामिल रहेंगे।

नगर परिषद् थांदला द्वारा समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं गणमान्यजनों को इस गरिमामय गणतंत्र दिवस समारोह में सादर आमंत्रित किया गया है, ताकि सभी मिलकर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण करते हुए इस ऐतिहासिक दिवस को हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"