नशामुक्ति अभियान से जुड़े उल्लेखनीय योगदान के लिए पूज्य श्री राजेश मुनिजी म.सा. को गोल्डन बुक अवार्ड

पानीपत में 20,870 लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

डॉ. राजेश मुनि महाराज के 2500वें अभिग्रह अवसर पर गांधी मंडी में बना रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से किया सम्मानित 
पानीपत (सम्यक दृष्टि) गांधी मंडी स्थित एसएस जैन सभा के आयोजन में तपकेसरी, उग्र विहारी एवं महाअभिग्रहधारी डॉ. राजेश मुनि महाराज के 2500वें अभिग्रह के अवसर पर धर्म, तप और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान चलाए गए नशामुक्ति अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। अभियान के तहत 20,870 लोगों ने संकल्प-पत्र भरकर कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि को अमेरिका की गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने प्रमाणित किया तथा रिकॉर्ड से संबंधित प्रमाणपत्र संस्था को सौंपा गया।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं और समाजजनों ने इस उपलब्धि को केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकजुट होकर संकल्प लेना अभियान की व्यापक सफलता को दर्शाता है।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के इंडिया हेड आलोक कुमार ने कहा कि उनके संगठन की ओर से संकल्प-पत्र भरवाने का यह पहला प्रयास है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाना अपने आप में महत्वपूर्ण पहल है। यदि संकल्प लेने वाले लोगों में से आधे लोग भी अपने संकल्प पर कायम रहते हैं तो यह समाज के लिए बड़ी सेवा साबित होगी।

कार्यक्रम के संरक्षक ए.पी. जैन ने डॉ. राजेश मुनि महाराज को कीर्तिमान संपन्न संत बताते हुए उनके तप, संयम और सक्रियता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुनिश्री का जीवन साधना के साथ-साथ समाज जागरण के लिए भी प्रेरणादायी है। उनके 2500वें अभिग्रह के अवसर पर नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि है।

कार्यक्रम में जगदीश जैन एवं ईश्वर जैन ने उपस्थित अतिथियों, श्रद्धालुओं और समाजजनों का अभिवादन किया। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लगभग 20 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. एपी जैन, प्रधान जगदीश जैन, महामंत्री डॉ. ईश्वर जैन, विजय जैन, अशोक आर्य, डॉ. रामनिवास जैन, मनीष जैन, भावना जैन, राजपाल जैन, वीरेन्द्र जैन, कालू जैन, प्रवेश जैन, राकेश जैन, राजेश जैन सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे। वहीं, अधिकतम संकल्प-पत्र भरवाने वाली रिद्धि जैन सहित अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता पैदा करना और स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। 

नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकजुट होकर संकल्प लेना सामाजिक जागरूकता और परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। अभियान की व्यापक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए परम् पूज्य श्री राजेश मुनीजी म.सा. के ग्रुप के एडमिन  अंकित जैन ने कहा कि यह केवल एक कीर्तिमान नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने की दिशा में उठाया गया सार्थक कदम है। उन्होंने इस समाज सुधार अभियान को राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक संकल्प समाज में सकारात्मक बदलाव का मजबूत आधार बनते हैं।

गोल्डन बुक अवार्ड से सम्मानित परम पूज्य श्री राजेश मुनिजी म.सा. के 2500वें अभिग्रह के पावन अवसर पर आयोजित इस नशामुक्ति अभियान ने सामाजिक जागरूकता का नया संदेश दिया है। अंकित जैन ने कहा कि पूज्य मुनिश्री की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में नशामुक्ति के लिए किया गया यह सामूहिक प्रयास समाजहित में अनुकरणीय है। इस अवसर पर नशामुक्ति अभियान से जुड़े उल्लेखनीय योगदान के लिए पूज्य श्री राजेश मुनिजी म.सा. को गोल्डन बुक अवार्ड से सम्मानित किए जाने को भी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।


Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"