स्टार खिलाड़ियों में शामिल रहे बंटेश उस्ताद

थांदला खेल जगत के ‘उस्ताद’ बंटेश दादा' का निधन, नगर में शोक की लहर

थांदला. (सम्यक दृष्टि न्यूज़)

थांदला नगर के खेल जगत के प्रेरणास्रोत और “उस्ताद” के नाम से विख्यात आदरणीय बंटेश दादा के निधन से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। वर्षों तक अपने खेल कौशल, अनुशासन और सहज स्वभाव से उन्होंने न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया, बल्कि उन्हें जीवन के मूल्यों की भी सीख दी।

आदर्श क्लब थांदला के सभी सदस्यों ने इस दुःखद घड़ी में एकत्र होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्लब सदस्यों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकसंतप्त परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करें और उन्हें संबल दें। क्लब की ओर से कहा गया कि बंटेश दादा केवल एक खिलाड़ी या प्रशिक्षक नहीं थे, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा-पुंज थे।

थांदला खेल जगत के स्टार खिलाड़ियों में शामिल रहे बंटेश उस्ताद को कोटि-कोटि नमन करते हुए सुशील शर्मा, कुलदीप सिंह झाला एवं ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि वे वॉलीबॉल और फुटबॉल दोनों खेलों के जादूगर थे। अपने शानदार खेल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के बल पर उन्होंने थांदला का नाम जिले और क्षेत्र में रोशन किया। खेल प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले बंटेश उस्ताद का योगदान अमूल्य और अविस्मरणीय है।

उन्होंने कहा कि बंटेश उस्ताद का सरल, विनम्र और सहयोगी स्वभाव हर किसी को सहज ही अपना बना लेता था। युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे। उनके मार्गदर्शन में अनेक खिलाड़ी सफलता के शिखर तक पहुंचे। 

उस्ताद के आदर्श व्हालीबाल क्लब के समकालीन साथी खिलाड़ी आदरणीय नगीन शाहजी, गणपतिदास वैरागी, सत्तार चाचा, जितेन्द्र घोड़ावत, नीरज भट्ट, डॉ.ओमप्रकाश बजाज, लक्ष्मण राठौड़, अय्युब छीपा एवं क्लब के समस्त सदस्यों ने विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किए।

नगरवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, उन्हें शांति और सद्गति प्रदान करें। थांदला का खेल जगत बण्टेश दादा को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"