झाबुआ मीडिया ट्रॉफी–2.0 का भव्य समापन

झाबुआ मीडिया ट्रॉफी 2.0 में प्रेस क्लब पेटलावद का परचम

लगातार दूसरे वर्ष विजेता बनी पेटलावद की टीम, नगर में हुआ भव्य स्वागत

पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा)

शहर के कॉलेज मैदान पर झाबुआ एवं आलीराजपुर जिले के पत्रकारों के लिए आयोजित झाबुआ मीडिया ट्रॉफी–2.0 का भव्य समापन रविवार, 21 दिसंबर को हुआ। फाइनल मुकाबले में प्रेस क्लब पेटलावद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झाबुआ मीडिया-ए को एकतरफा मुकाबले में हराकर लगातार दूसरे वर्ष खिताब अपने नाम किया। झाबुआ मीडिया-ए उपविजेता रही।

सेमीफाइनल मुकाबलों का रोमांच

आयोजक भूपेन्द्रसिंह गौर एवं पीयूष गादिया ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम दिन दो सेमीफाइनल एवं एक फाइनल मैच खेले गए।

दोपहर 11 बजे पहला सेमीफाइनल रानापुर मीडिया-11 और झाबुआ मीडिया-ए के बीच खेला गया। झाबुआ मीडिया-ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। रानापुर मीडिया-11 ने 8 ओवर में 86 रन बनाए, जिसे झाबुआ मीडिया-ए ने मात्र 3.4 ओवर में 90 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस मैच में अंतिम नलवाया ने 13 गेंदों में 60 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

दूसरा सेमीफाइनल दोपहर 2 बजे झाबुआ मीडिया-ई और प्रेस क्लब पेटलावद के बीच हुआ। प्रेस क्लब पेटलावद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 109 रन बनाए। जवाब में झाबुआ मीडिया-ई की टीम 95 रन ही बना सकी। इस प्रकार प्रेस क्लब पेटलावद ने 15 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में पेटलावद की एकतरफा जीत

फाइनल मुकाबला दोपहर 3 बजे खेला गया। टॉस जीतकर प्रेस क्लब पेटलावद ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। झाबुआ मीडिया-ए ने निर्धारित 8 ओवर में 92 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रेस क्लब पेटलावद के बल्लेबाजों ने मात्र 3 ओवर में 93 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की।

लोमेश भट्ट और गौरव भटेवरा की आतिशी पारियों की बदौलत टीम ने केवल 22 गेंदों में लक्ष्य हासिल किया।

सम्मान समारोह में अतिथियों का उद्बोधन

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद अनिता चौहान ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार न केवल कलम के धनी हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेष दुबे ने कहा कि पत्रकार हर क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार ने विजेता एवं उपविजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का सच्चा आईना होते हैं।

नगद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान

विजेता प्रेस क्लब पेटलावद और उपविजेता झाबुआ मीडिया-ए को नगद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही निर्णायकों, अंपायरों एवं सहयोगी सेवाभावी पत्रकारों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर सहित अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

विशेष सम्मान

लोमेश भट्ट – सर्वाधिक छक्के

गौरव भटेवरा – मैन ऑफ द सीरीज

विजेता टीम (प्रेस क्लब पेटलावद)

मनोज जानी, हरिशंकर पवार, लोकेंद्र परिहार, वीरेंद्र भट्ट, संजय लोढ़ा, जितेश विश्वकर्मा, राकेश गेहलोत, सलमान खान, तन्मय चतुर्वेदी, चंदू राठौड़, लोमेश भट्ट, हरीश भटेवरा, गौरव भटेवरा, कुलदीप सतोगिया, कुलदीप ठाकुर।

नगर में हुआ भव्य स्वागत

जीत के बाद टीम के पेटलावद पहुंचने पर पत्रकार साथियों ने ढोल-धमाकों और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। पुराने बस स्टैंड पर जमकर जश्न मनाया गया।

स्वागत करने वालों में गोपाल राठौड़, मनोज पुरोहित, ओपी मालवीय, मोहन पडियार, धर्मेश सोनी, पियूष पटवा सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"