स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, जनप्रतिनिधियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

स्वच्छता ही सेवा संकल्प अभियान के तहत मुक्तिधाम परिसर में श्रमदान व पौधारोपण, सफाई मित्रों को किया सम्मानित


स्वच्छताकर्मी ही नगर के वास्तविक शिल्पी हैं : मंत्री निर्मला भूरिया

पेटलावद (सम्यक दृष्टि, न्यूज़ जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट) स्वच्छता ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर परिषद पेटलावद द्वारा मुक्तिधाम परिसर में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान एवं श्रमदान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि “स्वच्छताकर्मी ही नगर के वास्तविक शिल्पी हैं। उनकी कड़ी मेहनत, निष्ठा और सेवाभाव के कारण हमारा नगर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बना हुआ है। ये सफाई मित्र हर सुबह शहर को एक नई स्वच्छता और नई ऊर्जा देते हैं।”

मंत्री भूरिया ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान अथवा सरकारी योजना तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की आदत विकसित करें। जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर कार्य करेगा, तभी स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव होगा।

सफाई मित्रों के योगदान को सराहा

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती ललिता योगेश गामड़ ने स्वच्छता कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई मित्र विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही नगर की स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बेहतर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाना तथा घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित समय पर पृथक्करण करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। नगर परिषद द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के इस महायज्ञ में नगर परिषद जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनप्रतिनिधियों ने थामी झाड़ू, किया श्रमदान

कार्यक्रम के दौरान संबोधन के पश्चात कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, नगर परिषद अध्यक्ष ललिता योगेश गामड़, मंडल अध्यक्ष संजय कहार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमन्त भट्ट, एसडीएम रितिका पाटीदार सहित अन्य अतिथियों ने हाथों में झाड़ू थामकर मुक्तिधाम परिसर में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्वच्छता अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अतिथियों ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी स्वस्थ एवं सुंदर नगर के निर्माण के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में यह भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में एसडीएम रितिका पाटीदार, एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी, तहसीलदार यशपाल सिंह मुजाल्दे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमन्त भट्ट, नगर परिषद उपाध्यक्ष किरण कहार, पार्षद ममता गुजराती, रेखा पटवा, चांदनी निमजा, शुभम सेन, दीपक वास्कले, मनोज पूतोड़ सहित सभी वार्डों के पार्षदगण, नगर परिषद कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष संजय कहार ने किया। अंत में नगर परिषद के सीएमओ राहुल वर्मा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"