ज्ञान हमारी पूंजी है, इसकी जितनी आराधना करेंगे, उतना आगे बढ़ेंगे – श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाशमुनिजी म.सा.ज्ञान पंचमी पर श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में उमड़ा धर्मालुजनों का सैलाब, तप-त्याग और आराधना के साथ मनाया पर्व
रतलाम, 14 नवंबर (सम्यक दृष्टि, प्रकाश मूणत)
मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य, रत्नपुरी के रत्न धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाश मुनिजी म.सा. की पावन निश्रा में शनिवार को ज्ञान पंचमी का पर्व तप, त्याग, आराधना एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मोहन टॉकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में इस अवसर पर एकासना का आयोजन हुआ। पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उपस्थित होकर ज्ञान आराधना का लाभ लिया। प्रवर्तकश्री ने अपने प्रवचन में ज्ञान के महत्व और ज्ञानावरणीय कर्म के स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रवर्तकश्री ने कहा कि ज्ञान हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। इसकी जितनी आराधना करेंगे, जीवन में उतनी ही उन्नति करेंगे। विडंबना है कि जीव जब कर्मों का बंधन करता है, तब उसे इसका आभास तक नहीं होता कि वह मोह के वशीभूत होकर कर्म बांध रहा है। ज्ञानावरणीय कर्म भी ज्ञान में अंतराय उत्पन्न करने से बंधते हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति व्याख्यान सुन रहा है और बार-बार इधर-उधर देखता है, हिलता है अथवा बातचीत करता है, तो उसके पीछे बैठे व्यक्ति का ध्यान भटकता है। इस प्रकार दूसरे के ज्ञान में बाधा उत्पन्न करने से भी कर्मों का बंधन होता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य के जैसे भाव होते हैं, उसी के अनुरूप कर्मों का बंधन होता है। कर्म बंधन के प्रमुख कारण योग और कषाय हैं। जब भी गंभीर ज्ञान की चर्चा हो रही हो, तब पूर्ण शांति और एकाग्रता बनाए रखना चाहिए। ज्ञान की बात जहां से भी सीखने को मिले, वहां उस व्यक्ति का नाम छिपाना नहीं चाहिए। कोई भी व्यक्ति जन्म से सर्वज्ञ नहीं होता, प्रत्येक मनुष्य को जीवन में किसी न किसी से कुछ सीखने की आवश्यकता होती है। इसलिए ज्ञान के प्रति विनम्रता, सम्मान और जिज्ञासा का भाव रखना चाहिए।
धर्मसभा को प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ने भी संबोधित किया। श्री स्वर्णाश्रीजी म.सा. ने ज्ञान पंचमी पर सरस्वती पूजन का महत्व बताते हुए विधिपूर्वक पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर आगम लेकर पहुंचे श्रावक-श्राविकाओं ने सरस्वती वंदना कर ज्ञान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
ज्ञान पंचमी के इस पावन अवसर पर जलगांव, औरंगाबाद, नासिक, धूलिया, वसंतीपल गांव, सूरत, झाबुआ, बामनिया, ताल, नागदा जंक्शन, उज्जैन और इंदौर सहित देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में गुरुभक्त रतलाम पहुंचे। श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने बाहर से आए अतिथियों का स्वागत करते हुए चातुर्मास संबंधी जानकारी दी। आतिथ्य सत्कार एवं दया का लाभ विजय कुमार राजमल मूणत परिवार ने लिया। समरथमल मेहता परिवार एवं राजकुमार पितलिया नाकोड़ा परिवार की ओर से प्रभावना वितरित की गई।
इस दौरान वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ नीम चौक के पदाधिकारियों ने आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले जैन दिवाकर कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। श्री संघ अध्यक्ष अजय खिमेसरा ने सकल संघ को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। खेतिया के डॉ. संचेती ने गुरु के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा के भाव प्रकट कर भक्ति का परिचय दिया।
धर्मसभा में कई तपस्वियों ने अपनी-अपनी तप आराधना के प्रत्याख्यान ग्रहण किए। कार्यक्रम का संचालन रखब चत्तर ने किया। इस अवसर पर सेवाभावी श्री दर्शनमुनिजी म.सा., प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. मंचासीन रहे।
धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ के सदस्यगण, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ज्ञान पंचमी का यह आयोजन ज्ञान के प्रति श्रद्धा, गुरु भक्ति और आत्मकल्याण की प्रेरणा देने वाला रहा।
संकलनकर्ता:- अरुण त्रिपाठी
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla




0 टिप्पणियाँ