पेटलावद में दिनदहाड़े लूट: भाजपा नेता की पत्नी से 3 लाख की चेन छीनी, CCTV में कैद बदमाश
पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)नगर में बढ़ते अपराधों के बीच शनिवार शाम एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महावीर कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े भाजपा नेता संजय भंडारी की पत्नी निशा भंडारी के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। छीनी गई चेन की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, निशा भंडारी अपनी पोती को कोचिंग छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक पीछे से आकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर पहले इलाके की रेकी करते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद वे मौका देखकर चेन स्नेचिंग को अंजाम देते हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई। गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में नगर में यह चौथी बड़ी आपराधिक घटना है, जिससे नागरिकों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार हो रही वारदातों ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ