झपटमारी का पर्दाफाश, कट्टे सहित आरोपी गिरफ्तार, 2.70 लाख की सोने की चेन बरामद
पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट)नगर में पिछले दिनों हुई सनसनीखेज झपटमारी की वारदातों का झाबुआ पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई। इस कार्रवाई ने न केवल चर्चित चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा किया, बल्कि क्षेत्र में हुई अन्य झपटमारी की वारदातों से भी पर्दा उठाया है।
घटना 25 अप्रैल की है, जब पेटलावद निवासी निशा भंडारी अपनी पोती को कोचिंग छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान उदय गार्डन के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से नगर में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। संदिग्धों के फुटेज सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए गए, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम खवासा निवासी 23 वर्षीय सुनील वसुनिया को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोशन माल के साथ मिलकर चेन लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने बामनिया रेलवे फाटक के पास एक गल्ला व्यापारी के साथ मारपीट कर झपटमारी की दूसरी वारदात को भी अंजाम दिया था। इस खुलासे से पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को समझने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। उनकी सक्रियता, सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते आरोपी पुलिस गिरफ्त में आया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी रोशन माल की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
झाबुआ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ बढ़ा है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ