पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

गांधी चौक से लापता हुई 3 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं नागरिकों का विशेष सहयोग 

थांदला (सम्यक दृष्टि न्यूज़)  

थांदला कस्बे के गांधी चौक क्षेत्र से लापता हुई लगभग साढ़े तीन वर्षीय बालिका दिनांक 7 मार्च 2026 को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका के सुरक्षित मिलने से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में राहत का माहौल है।पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राजेश सुलिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक कनेश ने अपने समस्त पुलिस स्टाफ के साथ अलग-अलग टीमों का गठन कर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल गांधी चौक से लेकर बेड़ा बाबा बस स्टैंड तक लगे करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुति पिता राजेश भाबोर, उम्र लगभग 3 वर्ष 6 माह, निवासी ग्राम ग्वालरुडी, शनिवार शाम करीब 4 से 4:15 बजे के बीच गांधी चौक क्षेत्र से अचानक लापता हो गई थी। बालिका के गायब होने की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।

इसके साथ ही बालिका की फोटो और जानकारी सोशल मीडिया ग्रुपों में भी व्यापक रूप से साझा की गई। इस खोज अभियान में थांदला कस्बे के व्यापारीगण, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता तथा सोशल मीडिया का भी विशेष सहयोग रहा।

लगातार प्रयासों के बाद रविवार सुबह बालिका के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिली कि बालिका पाड़ाधामंजर गांव में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि सजेली निवासी एक दंपति को यह बालिका बाजार में लावारिस अवस्था में मिली थी, जिन्हें मानवता के नाते वे अपने साथ ले गए थे।

पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक या आपत्तिजनक गतिविधि सामने नहीं आई है।

बालिका के सुरक्षित मिलने पर पुलिस प्रशासन, स्थानीय नागरिकों व सोशल मीडिया के सहयोग की सराहना की जा रही है, वहीं परिजनों ने भी सभी का आभार व्यक्त किया है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"