सरदार एकता यात्रा का म.प्र. में भव्य आगमन, पेटलावद में 35 सामाजिक मंचों ने किया ऐतिहासिक स्वागत
झाबुआ/पेटलावद(जितेश विश्वकर्मा)
अखंड भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “सरदार एकता यात्रा : सरदार आपके द्वार” का मध्यप्रदेश में भव्य प्रवेश हुआ। गुजरात के अहमदाबाद से प्रारंभ हुई इस प्रेरक यात्रा का झाबुआ जिले के पिटोल बॉर्डर पर सर्व समाज के वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया।
यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देना है। यह यात्रा 5 मार्च 2026 को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा अहमदाबाद से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी। 40 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा मध्यप्रदेश के 36 जिलों का भ्रमण करेगी। यात्रा के केंद्र में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा और उनकी पावन चरण पादुकाएं हैं, जो जन-जन के लिए श्रद्धा और प्रेरणा का केंद्र बनी हुई हैं।
पिटोल बॉर्डर से हुआ भव्य स्वागत
मध्यप्रदेश में प्रवेश करते ही झाबुआ जिले के पिटोल बॉर्डर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में झाबुआ, थांदला और परवलिया क्षेत्र के पाटीदार-पटेल समाज सहित सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। यहां वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चरण पादुकाओं का पूजन कर देश की एकता और अखंडता के लिए संकल्प लिया।
विभिन्न नगरों में हुआ स्वागत
यात्रा के दौरान मेघनगर में थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने स्वागत कर सरदार पटेल की चरण पादुकाओं का पूजन किया। इसके बाद थांदला मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक वीरसिंह भूरिया और पूर्व विधायक कलसिंह भाभर ने यात्रा की अगवानी करते हुए सरदार पटेल के योगदान को याद किया।
पेटलावद में उमड़ा जनसैलाब
पेटलावद नगर में यात्रा का मुख्य और ऐतिहासिक आयोजन देखने को मिला। गांधी चौक से नगर में प्रवेश करते ही विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा 35 से अधिक स्वागत मंच लगाए गए। पूरे मार्ग पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
स्वागत करने वालों में कहार समाज, भारतीय जनता पार्टी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, प्रजापति समाज, राठौड़ समाज, ब्राह्मण समाज, राजगौर पुरोहित समाज, बलाई समाज, नगर परिषद, रोटरी क्लब, सेन समाज, लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल, लायंस क्लब ग्रेटर, नागर समाज, गुर्जर समाज, अग्रवाल समाज, पाटीदार समाज, सर्व आदिवासी समाज, रविदास मित्र मंडल सहित कुल 35 सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
सम्मान और वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन
श्री गंगा पैलेस में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और सरदार पटेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी उच्छबलाल चौहान तथा शहीद भगवानलाल मिंडकिया के भाई ईश्वरलाल मिंडकिया का सर्व समाज की ओर से सम्मान किया गया।
गुजरात से यात्रा में शामिल मन्नू भाई पटेल ने कहा कि पेटलावद का आत्मीय और ऐतिहासिक स्वागत जीवन भर याद रहेगा। बाबू भाई पटेल ने कहा कि सरदार पटेल किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के नेता थे, जिनका चिंतन भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था।
मुख्य वक्ता राजेश वोरा ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है तभी राष्ट्र मजबूत बनता है।
कार्यक्रम में पारुल बेन पटेल, सुभद्रा बेन पाटीदार, रमेश भाई पटेल और जी.बी. पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्वागत भाषण पाटीदार समाज के जिलाध्यक्ष अशोक पाटीदार ने दिया। संचालन यश रामावत ने किया तथा आभार ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष मनोज जानी ने व्यक्त किया।
पिटोल बॉर्डर पर निर्भयसिंह पिटोल, भूपेंद्र नायक, प्रकाश पाटीदार, हरिओम पाटीदार, पुरुषोत्तम पाटीदार, बलराम पाटीदार, रामप्रसाद पाटीदार, जयेश पाटीदार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और सर्व समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla



.jpg)
0 टिप्पणियाँ