संत एवं साध्वी मंडल के सानिध्य में 45 श्रावक-श्राविकाओं द्वारा नव दिवसीय ओलीजी की तप आराधना

थांदला में नव दिवसीय ओलीजी तप आराधना का 26 अक्टूबर को समापन, 27 अक्टूबर को सामूहिक पारणे

थांदला (सम्यक दृष्टि, मिलिंद कोठारी) आचार्य श्री उमेशमुनिजी म.सा. के सुशिष्य, धर्मदास गणनायक प्रवर्तक श्री जिनेंद्रमुनिजी म.सा. के आज्ञानुवर्ती तत्वज्ञ श्री धर्मेन्द्रमुनिजी म.सा., संदीपमुनिजी म.सा. आदि ठाणा-8 स्थानीय पौषध भवन पर तथा साध्वी निखिलशीलाजी म.सा. आदि ठाणा-4 दौलत भवन पर वर्षावास हेतु विराजित हैं। संत एवं साध्वी मंडल के सानिध्य में यहां ज्ञान, दर्शन, चारित्र एवं तप की विशिष्ट आराधना में श्रावक-श्राविकाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

प्रतिदिन प्रातः राईय प्रतिक्रमण एवं प्रार्थना हो रही है, जिसके पश्चात प्रातः 9 से 10 बजे तक व्याख्यान आयोजित किया जा रहा है। दोपहर में वाचनी एवं ज्ञान चर्चा, जबकि शाम को देवसिय प्रतिक्रमण, चौवीसी आदि विविध धार्मिक आराधनाएं संपन्न हो रही हैं। श्रावक-श्राविकाओं की धार्मिक उत्साह और आस्था से वर्षावास काल में आराधना का वातावरण भावपूर्ण बना हुआ है।

ओलीजी तप का समापन सोमवार को

संत एवं साध्वी मंडल के सानिध्य में 45 श्रावक-श्राविकाओं द्वारा नव दिवसीय ओलीजी की तप आराधना की जा रही है। इस तप आराधना को करवाने का पुण्यलाभ अणु मित्र मंडल ने लिया है। यह नव दिवसीय तप आराधना का समापन 26 अक्टूबर, सोमवार को होगा। इस शुभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं आयंबिल, नीवीं आदि विविध तप आराधना करेंगी।

रविवार को पक्खी पर्व

25 अक्टूबर, रविवार को पक्खी पर्व मनाया जाएगा। शाम 6 बजे से पक्खी प्रतिक्रमण का शुभारंभ होगा। श्रावक वर्ग का प्रतिक्रमण स्थानीय पौषध भवन पर तथा श्राविका वर्ग का प्रतिक्रमण दौलत भवन पर संपन्न होगा। श्री संघ ने समस्त श्रावक-श्राविकाओं से पक्खी पर्व तथा ओलीजी तप आराधना के समापन पर अधिक से अधिक तप, त्याग एवं अपनी शक्ति के अनुसार धर्म आराधना करने का आह्वान किया है।

मंगलवार को सामूहिक पारणे

नव दिवसीय ओलीजी तप आराधकों सहित विभिन्न तप आराधना करने वाले समस्त तपस्वियों के सामूहिक पारणे 27 अक्टूबर, मंगलवार को स्थानीय महावीर भवन पर होंगे। सामूहिक पारणे करवाने का पुण्यलाभ भी अणु मित्र मंडल ने ग्रहण किया है। इस अवसर पर तपस्वी मंगलेश नानालाल श्रीश्रीमाल, शकुंतला बुद्धिलाल कांकरिया, स्वीटी मनोज जैन, सपना दीपक रुनवाल तथा साक्षी राकेश श्रीमाल श्रेणी तप की तपस्या कर रहे हैं।

शनिवार को आयोजित धर्मसभा में तपस्वी मधु माणकलाल लोढ़ा तथा मुक्ति दीपक रुनवाल ने 7-7 उपवास के प्रत्याख्यान ग्रहण किए। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव हितेश शाहजी ने किया। संपूर्ण आयोजन से नगर में धार्मिक उत्साह, तप भावना एवं सामूहिक आराधना की गरिमा बढ़ रही है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"