महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन

पेटलावद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन


नए बस स्टैंड क्षेत्र में प्रस्तावित स्थल पर विधि-विधान से हुआ आयोजन, समाजजनों में दिखा उत्साह

पेटलावद, 15 सितंबर (सम्यक दृष्टि न्यूज़, जितेश विश्वकर्मा) वीर शिरोमणि हिंदुआ सूरज महाराणा प्रताप की वीरता, शौर्य, त्याग और स्वाभिमान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से पेटलावद में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सोमवार को नए बस स्टैंड क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित भूमि पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। आयोजन को लेकर राजपूत समाज सहित समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

भूमि पूजन कार्यक्रम में करणी सेना परिवार के संभाग अध्यक्ष महेंद्र सिंह झकनावदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी अगुवाई में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश गामड़, वार्ड पार्षद मुकेश परमार, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ममता गुजराती सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं समाजजन मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रस्तावित स्थल पर भूमि पूजन कर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के संकल्प को आगे बढ़ाया।

बैठक में तैयार हुई आगामी कार्ययोजना

भूमि पूजन से पूर्व प्रतिमा स्थापना से जुड़ी आगामी तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रतिमा के स्वरूप, स्थापना स्थल की तैयारियों तथा आयोजन को भव्य रूप देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। समाजजनों ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल इतिहास के महान योद्धा ही नहीं, बल्कि वीरता, त्याग, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्श आज भी समाज और युवा पीढ़ी को अपने कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करते हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि भूमि पूजन के बाद अब प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। आगामी दिनों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर नए बस स्टैंड क्षेत्र में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की रूपरेखा पर कार्य किया जाएगा। समाजजनों ने इसे पेटलावद के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए आयोजन को सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद

कार्यक्रम में राजपूत समाज के वरिष्ठ भारतसिंह चौहान, परिक्षित सिंह झकनावदा, मिथलेश सिंह भाटी, करणी सेना परिवार के प्रदेश सचिव प्रताप सिंह सिसौदिया, संभाग उपाध्यक्ष शक्तिसिंह सेमलिया, जिला संरक्षक विजेंद्र सिंह खवासा, जिलाध्यक्ष नीतिराजसिंह राठौर, जिला संयोजक जीवनसिंह पंवार, जिला प्रवक्ता देवेंद्र सिंह गोड़, जिला मीडिया प्रभारी शान ठाकुर, जिला संगठन मंत्री लोकेंद्र सिंह सलुनिया, उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह सिसौदिया, पेटलावद राजपूत समाज अध्यक्ष जीवन सिंह ठाकुर, टीम जीवनसिंह शेरपुर के जिलाध्यक्ष बाबूलाल काग, महिला विंग अध्यक्ष चांदनी संजय चौहान, तहसील अध्यक्ष हर्षित चंद्रावत, करणी सेना तहसील अध्यक्ष लखनसिंह चौहान सहित सूरजसिंह पंवार, शैलेंद्र सिंह रायपुरिया, मोनू कौरव, शैलेन्द्र सिंह गोड़, कृपालु सोलंकी, महावीर गोड़, प्रवीण सिंह भाटी, देवेंद्र सिंह चौहान, लुणचंद सिंह चावड़ा, गोपाल सिंह चावड़ा, नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह रायपुरिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

भूमि पूजन के साथ ही पेटलावद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। समाजजनों ने संकल्प लिया कि प्रतिमा स्थापना के इस कार्य को आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता के साथ पूर्ण कर इसे नगर के लिए यादगार एवं गौरवपूर्ण अवसर बनाया जाएगा।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"