कोमलता, सुगंध और सुंदरता का पर्याय हैं महासती सुमनप्रभाजी म.सा. – प्रवर्तक श्री प्रकाशमुनिजी म.सा.

कोमलता, सुगंध और सुंदरता का पर्याय हैं महासती सुमनप्रभाजी म.सा. – प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाशमुनिजी म.सा.
प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी का जन्मदिवस तप, त्याग और एकासन तपस्या के साथ मनाया, गुणानुवाद सभा में व्यक्तित्व एवं कृतित्व का किया गुणगान

रतलाम, 23 नवंबर (सम्यक दृष्टि, प्रकाश मूणत) 

मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. के पावन सानिध्य में सोमवार को प्रवचन प्रभाविका महासती श्री सुमनप्रभाजी म.सा. का जन्मदिवस तप, त्याग एवं एकासन तपस्या के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विशेष गुणानुवाद सभा का आयोजन हुआ। इसमें प्रवर्तकश्री ने महासतीजी के व्यक्तित्व, कृतित्व, संयम, साधना और आध्यात्मिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें कोमलता, सुगंध और सुंदरता का पर्याय बताया।

मालव केसरी पूज्य गुरुदेव श्री सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य रत्नपुरी के रत्न प्रवर्तकश्री ने कहा कि महासती सुमनप्रभाजी का संपूर्ण जीवन तप, त्याग और साधनामय रहा है। उन्होंने संयम धारण कर अपने जीवन में पात्रता जगाई और गुरु के आशीर्वाद से उस पात्रता के माध्यम से बहुत कुछ प्राप्त किया। उनका नाम सुमन है और उनके व्यक्तित्व में कोमलता, सुगंध एवं सुंदरता की त्रिवेणी समाहित है। उनकी पात्रता निरंतर बढ़ती रहे और वे आध्यात्मिक मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ती रहें। प्रवर्तकश्री ने महासतीजी के स्वस्थ, मस्त और सदैव प्रसन्न रहने की मंगलकामना की।

उन्होंने जीवन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक जीव संसार में जन्म, जीवन और मृत्यु के बीच यात्रा करता है। किसी का जीवन छोटा होता है तो किसी का बड़ा, लेकिन जीवन की वास्तविक महत्ता उसकी अवधि में नहीं, बल्कि उसे जीने के तरीके में होती है। महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति ने अपने जीवन को किस प्रकार जिया और उसमें कितनी आत्मिक उन्नति की। साधकों का जीवन सदैव ऊंचा होता है। जैन साधक संवरयुक्त, विवेकपूर्वक और उपशम भाव से जीवन जीते हैं। आत्मभाव में रहने वाले साधकों को गुरु की प्रेरणा प्राप्त होती है, जिससे उनका जीवन निखर जाता है। महासती सुमनप्रभाजी म.सा. का जीवन भी सभी के लिए ऐसी ही प्रेरणा देने वाला है।

इस अवसर पर प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व चातुर्मास समिति की ओर से प्रकाश मूणत, यशवंत बाफना मेघनगर, महेश कटकानी, अशोक चतुर, चंदा मूणत पूना, खुश्बू सुराणा जलगांव सहित डुंगला एवं नासिक श्री संघ के प्रतिनिधियों ने अपने भाव व्यक्त करते हुए महासतीजी के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट की। राकेश छाजेड़ एवं उनकी पुत्री शिल्पी छाजेड़ ने आठ उपवास की तपस्या के प्रत्याख्यान ग्रहण किए।

जलगांव, पूना, नासिक, सूरत, मेघनगर, बदनावर, खाचरौद, धार, इंदौर और उज्जैन सहित देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में गुरुभक्त पहुंचे। सभी ने प्रवर्तकश्री के दर्शन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। धर्मसभा का संचालन आयुष गंग ने किया।

समारोह के अंत में डीपीके कटारिया परिवार, निर्मल कुमार हीरालाल मूणत परिवार तथा विनीत कुमार, यशवंत कुमार एवं रणजीत सिंह बाफना परिवार मेघनगर की ओर से प्रभावना वितरित की गई। इससे पूर्व जाप की प्रभावना वीर माता-पिता अरुण कुमार चौरड़िया एवं कांतिलाल इंदरमलजी चौरड़िया परिवार, आनंदीलाल, मनीष एवं संजय मूणत परिवार, कमलाबाई दीपचंद गांधी तथा प्रेमलता मूलचंद चोपड़ा परिवार की ओर से वितरित की गई। इस अवसर पर सेवाभावी श्री दर्शनमुनिजी म.सा., महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. मंचासीन रहे।

धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।

24 नवंबर को चातुर्मासिक कृतज्ञता समारोह, 25 को होगा मंगल विहार

श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. की निश्रा में 24 नवंबर को वर्षावास की पूर्णता के अवसर पर चातुर्मासिक कृतज्ञता समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें श्रावक-श्राविकाएं चातुर्मास के चार महीनों के दौरान प्रवर्तकश्री के सानिध्य में प्राप्त आध्यात्मिक अनुभवों, प्रेरणाओं और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा करेंगे।

समारोह के अगले दिन 25 नवंबर को श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में सुबह 7.30 से 8.15 बजे तक नवकारसी का आयोजन होगा। इसके पश्चात सुबह 8.31 बजे प्रवर्तकश्री का मंगलमय विहार होगा। विहार यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ पहुंचेगी, जहां यात्रा धर्मसभा में परिवर्तित होगी।

चातुर्मास आयोजन समिति के अध्यक्ष पारसमल वोरा, उपाध्यक्ष इंदरमल चोपड़ा, महामंत्री संदीप चौरड़िया, कोषाध्यक्ष मुकेश चौरड़िया एवं भंवरलाल पुंगलिया ने समस्त श्रावक-श्राविकाओं एवं गुरुभक्तों से कृतज्ञता समारोह तथा मंगल विहार सहित सभी आयोजनों में सहभागी बनकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

संकलनकर्ता:- अरुण त्रिपाठी

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"