पेटलावद सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण: कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्टाफ व संसाधनों की कमी जल्द दूर करने का आश्वासन
(सम्यक दृष्टि न्यूज़ जितेश विश्वकर्मा)पेटलावद. झाबुआ जिले में नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा जिलेभर के शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके। इसी क्रम में आज कलेक्टर ने पेटलावद स्थित सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी कक्ष, प्रसूति वार्ड, डिलीवरी रूम एवं मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिलाओं, विशेष रूप से प्रसूता महिलाओं से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, नाश्ता एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महिलाओं ने अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बताया।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की देखभाल तथा चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा कलेक्टर को अस्पताल में डायग्नोसिस मशीन से संबंधित तकनीकी समस्याओं एवं संसाधनों की कमी से अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मशीन में आ रही परेशानियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए तथा भरोसा दिलाया कि अस्पताल में आवश्यक उपकरणों, डॉक्टरों एवं स्टाफ की कमी को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है।
कुल मिलाकर पेटलावद सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए, वहीं उन्होंने संसाधनों एवं स्टाफ की कमी को गंभीरता से लेते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिलाया। कलेक्टर के इस सक्रिय निरीक्षण अभियान से क्षेत्रवासियों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद और विश्वास मजबूत हुआ है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ