महावीर जयंती पर थांदला में भव्य आयोजन सम्पन्न
सकल जैन समाज ने श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से मनाया पर्वथांदला (सम्यक दृष्टि न्यूज़) सकल जैन समाज द्वारा श्रमण भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक एवं जिनशासन गौरव आचार्य प्रवर पूज्य गुरुदेव श्री उमेशमुनिजी म.सा. ‘अणु’ की 72वीं दीक्षा जयंती मंगलवार को नगर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। आयोजन धर्मदास गणनायक प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री जिनेन्द्रमुनिजी म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी पूज्या महासती श्री निखिलशीलाजी म.सा. आदि ठाणा-4 के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
प्रभात फेरी से हुआ शुभारंभ, नगर हुआ धर्ममय
महावीर जयंती के अवसर पर प्रातःकाल सकल जैन समाज द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे आजाद चौक से भगवान महावीर स्वामी के रथ के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान पूरे नगर में धार्मिक वातावरण व्याप्त हो गया।
गुणानुवाद सभा में मिला जिनवाणी का लाभ
सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक पौषध भवन में गुणानुवाद सभा आयोजित हुई। इस दौरान धर्म प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जिनवाणी का लाभ प्राप्त किया और भगवान महावीर के उपदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
नवकारसी एवं स्वामीवात्सल्य के आयोजन
महावीर भवन में नवकारसी का लाभ दीपेश महेशचंद्रजी शाह परिवार द्वारा लिया गया। इसके पश्चात प्रातः 11:30 बजे मेट्रो गार्डन में देवेंद्र मयूर वर्धमानजी तलेरा द्वारा स्वामीवात्सल्य का भव्य आयोजन किया गया। साथ ही शाम को नई मंडी प्रांगण में भी स्वामीवात्सल्य रखा गया, जिसमें समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और झांकियों ने मोहा मनसायंकालीन सत्र में मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। तंबोला एवं विभिन्न खेलों में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नई मंडी क्षेत्र में बालक-बालिकाओं द्वारा भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। भगवान के परिवार का परिचय एवं आचार्य श्री उमेशमुनिजी म.सा. के जीवन पर आधारित जीवंत झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
अनुशासन और आस्था का अनूठा संगम
सायंकाल पुनः श्री संघ द्वारा स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में समाजजनों की सक्रिय और अनुशासित भागीदारी देखने को मिली। सभी ने निर्धारित वेशभूषा में सहभागिता की तथा रात्रि भोजन का त्याग कर पर्व की गरिमा बनाए रखी।
समाजजनों ने दी शुभकामनाएं
इस पावन अवसर पर गण परिषद अध्यक्ष भरत भंसाली, श्री संघ अध्यक्ष प्रदीप गदिया, कोषाध्यक्ष रजनीकांत शाहजी, सचिव हितेश शाहजी, मूर्ति पूजक संघ अध्यक्ष कमलेश दायजी, तेरापंथ अध्यक्ष दिनेश मेहता, कोषाध्यक्ष इंदर रुनवाल तथा दिगंबर समाज के अध्यक्ष अरुण कोठारी सहित सकल जैन समाज के वरिष्ठजनों ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस प्रकार थांदला नगर में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla



.jpg)
0 टिप्पणियाँ