ग्राम कोटड़ा में दबिश, 25 किलो से अधिक गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पेटलावद. (जितेश विश्वकर्मा)मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी
थाना पेटलावद एवं चौकी सारंगी की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोटड़ा में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखकर उसका कारोबार कर रहा है। जानकारी की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
घर से मिला सुखाया हुआ गांजा, खेत में हो रही थी खेती
दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी नंदु पिता नानुराम भूरिया (उम्र 52 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ा के घर की तलाशी ली। यहां पर पुलिस को बड़ी मात्रा में सुखाया हुआ गांजा मिला। इसके अलावा आरोपी द्वारा अपने खेत में गांजे की अवैध खेती भी की जा रही थी। मौके पर ही पुलिस ने गांजे को जब्त कर पंचनामा तैयार किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एन.डी.पी.एस. एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त गांजे की कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस मामले में यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा कहां और किसे सप्लाई करता था तथा क्या इस धंधे में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस बड़ी सफलता का श्रेय थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया, उप निरीक्षक दीपक देवरे, उप निरीक्षक गोवर्धन मकवाना सहित पूरी संयुक्त पुलिस टीम को जाता है, जिन्होंने सक्रियता और सतर्कता से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी टीम को नगद इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ