अभियंता दिवस पर इंजीनियरों का सम्मान, एम. विश्वेश्वरैया को किया नमन
पेटलावद (जितेश विश्वकर्मा)कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनरेगा के एसडीओ सरदार सिंह बघेल ने कहा कि अभियंता राष्ट्र निर्माण का विकास पहिया है। अभियंता हर निर्माण कार्य में तकनीकी सहयोग देकर उसे मजबूती प्रदान करता है। आज हमें ऐसे ही अभियंताओं की आवश्यकता है, जैसे एम. विश्वेश्वरैया थे। उन्होंने ग्रेविटी के माध्यम से पानी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की योजना बनाई। उन्हें कर्नाटक का भागीरथी कहा जाता है।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार हरिशंकर पंवार ने अभियंताओं को संदेश देते हुए कहा कि हमें निर्माण कार्य प्रकृति के अनुकूल करने होंगे, ताकि प्राकृतिक संतुलन भी बना रहे। अभियंता विकास की धुरी हैं और वे राष्ट्र निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
पत्रकार मनोज पुरोहित ने क्षेत्रीय विकास की ओर इशारा करते हुए कहा कि अभियंताओं की मेहनत से ही बड़े प्रोजेक्ट जैसे माही परियोजना, सड़कों का निर्माण और पंचायत स्तर के कार्य सफल हो पाए हैं। ऐसे अभियंता निश्चित रूप से सम्मान के पात्र हैं।
कार्यक्रम में आरईएस विभाग के अभियंता गबरू मुवेल ने कहा कि सर एम. विश्वेश्वरैया हमारे आदर्श हैं। उनके मार्गदर्शन से हम नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकते हैं। उनके विचार हमारे जीवन में उतारने योग्य हैं।
जनपद कार्यालय की ओर से मुकुंद भट्ट ने अभियंताओं के कार्य को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इंजीनियरिंग का कार्य सतत जिम्मेदारी से भरा होता है। अभियंता बिना रुके लगातार कार्य कर समाज और राष्ट्र को नई दिशा देते हैं।
इस अवसर पर नगर पत्रकार संघ की ओर से विकासखंड के अभियंता जी.एस. अहिरवाल, सरदार सिंह भाबर, गबरू मुवेल, पवन कुमार गुप्ता, संजय नरगेश, कैला बबेरिया, अनुराग मैडा, आशीष पटेल और रोशन परमार का पुष्पमालाओं से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
अतिथियों का स्वागत जितेश विश्वकर्मा, हरिशंकर पंवार, मनोज पुरोहित, संजय वैरागी, वीरेंद्र भट्ट और मुकुंद भट्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र भट्ट ने किया जबकि अंत में आभार नगर पत्रकार संघ के अध्यक्ष जितेश विश्वकर्मा ने व्यक्त किया।
अभियंता दिवस का यह आयोजन न केवल अभियंताओं के योगदान का सम्मान था, बल्कि समाज और नई पीढ़ी को यह प्रेरणा भी दी कि विकास और निर्माण कार्य प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर ही करने चाहिए।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ