गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व उल्लास के साथ मनाया

गायत्री शक्तिपीठ पेटलावद पर गुरु पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया, मंत्री निर्मला भूरिया भी हुईं शामिल

पेटलावद. (जितेश विश्वकर्मा)

गायत्री शक्तिपीठ पेटलावद पर गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व दो दिवसीय आयोजन के रूप में बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। 9 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक अखंड मंत्र जप हुआ। इसके उपरांत सायं 7 बजे दीपयज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।

10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के मुख्य दिन पर प्रातः 8 बजे से गुरु पूजन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर नगर एवं क्षेत्र के सैकड़ों गायत्री परिजनों ने गुरु के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए विधिवत पूजन किया और जीवन में मार्गदर्शन के लिए गुरुदेव को नमन किया।

इस विशेष अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भी विधिवत गुरु पूजन किया। गायत्री परिवार द्वारा मंत्री जी का मंत्र दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें गायत्री माता की तस्वीर भेंट स्वरूप प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन भी हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए हजारों गायत्री मंत्रों की आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के पश्चात गुरुदीक्षा तथा यज्ञोपवीत संस्कार भी संपन्न कराए गए।

समापन पर महाआरती की गई और भव्य महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 2000 श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम अत्यंत अनुशासित, दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"