सुख देना सीखें, आत्मा को रखें सर्वोपरि – प्रवर्तक प्रकाशमुनिजी म.सा. एवं ताल में प्रवर्तक जिनेन्द्रमुनिजी म.सा. के दर्शन को पहुंचा श्री संघ रतलाम

सुख देना सीखें, आत्मा को रखें सर्वोपरि–प्रवर्तक प्रकाशमुनिजी म.सा. एवं ताल में प्रवर्तक जिनेन्द्रमुनिजी म.सा. के दर्शन को पहुंचा श्री संघ रतलाम

संसार की अपेक्षाओं से ऊपर उठकर आत्मकल्याण के लिए करें धर्म-ध्यान, सुख देने से ही मिलता है सुख

रतलाम, 19 नवंबर (सम्यक दृष्टि, प्रकाश मूणत) 

मनुष्य की आधी से ज्यादा जिंदगी दूसरों को खुश रखने में गुजर जाती है। संबंध भी अधिकांशतः स्वार्थ के आधार पर चलते हैं, ऐसे में आखिर किस-किस को खुश करोगे। परमात्मा ने हमें अपनी आत्मा को खुश रखने का संदेश दिया है। जिसने अपने मन को खुश रखना सीख लिया, वही दुनिया का वास्तविक बादशाह है। इसलिए दुनिया की चिंता छोड़कर आत्मा की प्रसन्नता और आत्मकल्याण को सर्वोपरि रखना चाहिए। मन प्रसन्न रहेगा तो व्यक्ति धर्म-ध्यान में भी सहज रूप से लीन हो सकेगा।

उक्त प्रेरक उद्बोधन मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य, रत्नपुरी के रत्न एवं धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाश मुनिजी म.सा. ने मोहन टॉकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में आयोजित धर्मसभा में दिए। उन्होंने कहा कि जिन घड़ियों में हंस सकते हैं, उन घड़ियों में रोना क्यों और कल का दिन किसने देखा है, तो आज का दिन खोना क्यों? मनुष्य आशावादी जरूर है, लेकिन उसकी प्रत्येक आशा पूरी होगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसलिए जीवन में आत्मा को सर्वोपरि रखते हुए आत्मकल्याण के लिए जितना संभव हो, उतना धर्म-ध्यान करना चाहिए।

प्रवर्तकश्री ने कर्म सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि सुख देने से सुख मिलता है और दुख देने से दुख मिलता है। मनुष्य को अपने किए हुए कर्मों के अनुसार ही सुख-दुख प्राप्त होते हैं। जीवन में जब विपरीत परिस्थितियां सामने आती हैं, तब उन्हें समझने का प्रयास करना चाहिए। यदि दुर्गंध मिले तो समझना चाहिए कि अशाता कर्म का उदय है। अच्छा देखने की इच्छा होने पर भी बुरा दिखाई दे, भोजन की इच्छा कुछ और हो और प्राप्त कुछ अन्य हो अथवा अच्छा सुनने की अपेक्षा हो, लेकिन अपशब्द सुनने को मिलें, तो यह अशाता कर्म के उदय का परिणाम है। ऐसी परिस्थितियों से यह सीखना चाहिए कि पूर्व में किए गए कर्म ही लौटकर हमारे सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संसार का सुख और आत्मा का सुख दोनों अलग-अलग हैं। संसार का सुख बाहरी परिस्थितियों और भौतिक वस्तुओं पर निर्भर रहता है, जबकि आत्मा का सुख अनंत होता है। तीर्थंकर भगवान ने आत्मसुख की प्राप्ति के लिए कठोर साधना की, तभी वे उस परम अवस्था तक पहुंचे। हमें भी उनके जीवन और साधना से प्रेरणा लेकर धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। आत्मा के कल्याण का भाव रखकर किया गया धर्म-ध्यान ही जीवन को सार्थक बना सकता है।

धर्मसभा के प्रारंभ में प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ने अपने उद्बोधन से धर्मालुजनों को धर्माराधना की प्रेरणा दी। इस अवसर पर देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में गुरुभक्त प्रवर्तकश्री के दर्शन-वंदन एवं प्रवचन श्रवण के लिए रतलाम पहुंचे।

धर्मसभा का संचालन रखब चत्तर ने किया। इस दौरान सेवाभावी श्री दर्शन मुनिजी म.सा., प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. मंचासीन रहे।

धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नवगठित श्री धर्मदास सौभाग्य जैन श्री संघ के पदाधिकारी ताल पहुंचकर प्रवर्तक श्री जिनेन्द्रमुनिजी म.सा. के दर्शन-वंदन किए

नवगठित श्री धर्मदास सौभाग्य जैन श्री संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य चातुर्मास के लिए ताल में विराजित आचार्य प्रवर पूज्य श्री उमेशमुनिजी म.सा. के प्रथम शिष्य पूज्य प्रवर्तक श्री जिनेन्द्रमुनिजी म.सा( के दर्शन-वंदन के लिए पहुंचे। 

श्री संघ अध्यक्ष संदीप चौरड़िया, महासचिव आयुष गंग एवं चातुर्मास आयोजन समिति अध्यक्ष पारस वोरा के नेतृत्व में पहुंचे संघ सदस्यों ने प्रवर्तकश्री जिनेन्द्रमुनिजी म.सा. के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रवर्तकश्री ने सभी को मांगलिक श्रवण कराई तथा मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

इस दौरान नवयुवक मंडल अध्यक्ष मनीष मंडलेचा, ट्रस्ट अध्यक्ष रंगलाल चौरड़िया, सौभाग्य तीर्थ अध्यक्ष कन्हैयालाल गांधी, कन्या शाला अध्यक्ष सुरेन्द्र गादिया, पूर्व श्री संघ अध्यक्ष प्रकाश मूणत एवं कार्यकारिणी सदस्य रखब चत्तर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

राजेश बोरदिया ने बताया कि इस अवसर पर संघ में सेवाभावी श्रेयांस मुनि के सांसारिक पिता अरुण चौरड़िया एवं माता कल्पना चौरड़िया के साथ मूलचंद चोपड़ा, हंसमुख भाई शाह, राजकुमार पितलिया, विनोद मूणत, अरविंद मूणत, आजाद भरगट, भंवरलाल बोहरा, सुरेन्द्र नाहटा, आंचल मूणत, राकेश मेहता, प्रवीण भरगट, वीरेन्द्र पितलिया एवं निलेश मेहता सहित अन्य श्रावक-श्राविकाएं शामिल रहे। सभी ने प्रवर्तकश्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर धर्मलाभ लिया।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"