एक ही परिवार के तीन तपस्वियों ने किया एक साथ मासक्षमण तप

थांदला गौरव तत्वज्ञश्री धर्मेंद्रमुनिजी म. सा. के सानिध्य में एक ही परिवार के तीन तपस्वी प्रदीप व्होरा, आयुषी व्होरा व  प्रेरणा व्होरा ने किया मासक्षमण तप पूर्ण

तप की बोली लगाकर तपस्वियों का किया बहुमान, बहुमान के पूर्व तपस्वियों की निकाली जयकार यात्रा

थांदला (मिलिंद कोठारी, सम्यक दृष्टि न्यूज़) एक ही परिवार के तीन तपस्वियों ने किया एक साथ मासक्षमण तप जब किसी परिवार में एक साथ तीन मासक्षमण हो तो उस परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहता है। ऐसा ही यहां एक ही परिवार में पिता, पुत्री व बहू तीन तपस्वियों क्रमशः प्रदीप व्होरा, आयुषी व्होरा व प्रेरणा व्होरा ने 30 - 30 उपवास से मासक्षमण की कठोर तपस्या पूर्ण की। जो अनुमोदानीय होकर सभी के लिए अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है। उल्लेखनीय है कि श्रीसंघ में इससे पूर्व एक मासक्षमण तप पूर्ण हो चुका है। इस तरह 24 अगस्त तक चार मासक्षमण तप पूर्ण हो चुके हैं। 

आचार्य प्रवर पूज्य गुरुदेव श्री उमेशमुनिजी म. सा. के सुशिष्य धर्मदास गणनायक प्रवर्तक पूज्य श्री जिनेंद्रमुनिजी म. सा. के आज्ञानुवर्ती तत्वज्ञ पूज्य श्री धर्मेंद्रमुनिजी म. सा., रोचक वक्ता श्री संदीपमुनिजी, जयंतमुनिजी, प्रशस्तमुनिजी, सुयशमुनिजी, प्रसन्नमुनिजी, श्रेयांशमुनिजी, गौरवमुनिजी ठाणा 8 एवं साध्वीश्री निखिलशीलाजी, दिव्यशीलाजी, प्रियशीलाजी, दीप्तिजी ठाणा 4 के सानिध्य में तपस्याओं का मानो ठाठ लगा हुआ। श्रीसंघ का हर एक सदस्य अपनी शक्ति अनुसार तप आराधना में भाग लेकर अपने कर्म की निर्जरा करते हुए संघ का गौरव बढ़ा रहा है।

संयमी आत्माओं ने की तपस्वियों की अनुमोदना

तपस्या पूर्ण होने पर आयोजित बहुमान समारोह में संत व साध्वी मंडल ने तप की महत्ता पर प्रकाश डालकर तपस्वियों के तप की अनुमोदना करते हुए खूब खूब धन्यवाद व साधुवाद दिया। वहीं परिवारजनों को भी इस कठोर तप में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। सभा में श्री संघ के अध्यक्ष प्रदीप गादिया व मासक्षमण तपस्वी परिवार की ओर से सपना व्होरा ने अनुमोदनार्थ विचार व्यक्त किए। बहुमान समारोह के पूर्व तपस्वियों के आवास से जयकार यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने समूचे मार्ग को जयकारों से गुंजायमान कर दिया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पौषध भवन पर पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गई।

तप की बोली तप से लगाकर तपस्वियों का किया बहुमान

तीनों मासक्षमण तपस्वियों के तप की बोली तप से लगवाकर श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ की ओर से बहुमान कर अभिनंदन पत्र भेंटकर किया गया। तपस्वियों का कई परिवारों व विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी बहुमान किया गया। इस दौरान धर्मसभा में श्रावक-श्राविकाओं ने मुक्त कंठ से तपस्वी के जयकारे लगाए। संचालन श्री संघ सचिव हितेश शाहजी ने किया। प्रभावना का लाभ व्होरा परिवार व श्रीमती संपतबाई शीलादेवी पीचा परिवार ने लिया। वर्षावास के दौरान बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उत्साह व जिज्ञासापूर्वक धर्म एवं तप आराधना में रमण कर रहे हैं। यहां कई तपस्वी मासक्षमण तप की ओर अग्रसर हो रहे हैं। सभा में रायपुरिया से पधारे मासक्षमण तपस्वी अखिल भारतीय श्री धर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री अनिल मुथा का भी श्री संघ द्वारा बहुमान किया गया । 

11 व 9 उपवास की तपस्या पूर्ण 

श्रीसंघ में दर्शना पावेचा ने 11 उपवास व कनिष्क पीचा ने 9 उपवास की तपस्या पूर्ण की। तपस्या पूर्ण होने पर श्री संघ द्वारा दोनों तपस्वी का तप की बोली लगवाकर बहुमान किया गया।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"