रायपुरिया की बेटी अंजलि चौयल ने रचा इतिहास, कृषि संकाय में जिले में प्रथम स्थान
किसान मुकेश चौयल की सुपुत्री और श्रेयांस हायर सेकेंडरी स्कूल की मेधावी छात्रा अंजलि ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि सफलता केवल परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर मुकाम पाया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव रायपुरिया सहित क्षेत्रभर में गर्व और उत्साह का माहौल है।
अंजलि की इस शानदार सफलता की गूंज जिला मुख्यालय तक पहुंची, जहां नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने उन्हें सम्मानित किया। कलेक्टर ने अपने हाथों से मिठाई खिलाकर अंजलि का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि अंजलि जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी जिले के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी सफलता यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
इस सम्मान से अंजलि और उनके परिजनों की खुशी दोगुनी हो गई। परिवारजनों की आंखों में गर्व और खुशी के आंसू छलक उठे। उन्होंने कहा कि अंजलि ने पूरे जिले में उनका नाम रोशन किया है और यह उनके लिए गर्व का क्षण है।
श्रेयांस हायर सेकेंडरी स्कूल के कृष्ण सिंह राठौर सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने भी अंजलि की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। शिक्षकों ने कहा कि अंजलि शुरू से ही मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही है।
रायपुरिया की गलियों से निकलकर जिला मेरिट में प्रथम स्थान तक पहुंचने का अंजलि का यह सफर न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla


.jpg)
0 टिप्पणियाँ