थांदला पहुंचे नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद 8.54 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का किया अनावरण
थांदला (सम्यक दृष्टि न्यूज़)मंदिरों में पूजा-अर्चना और लोक माता अहिल्याबाई की प्रतिमा का अनावरण
थांदला पहुंचने के बाद मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने सबसे पहले नगर के काशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई प्राचीन मंदिरों में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देवी-देवताओं से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद वे वार्ड क्रमांक 11 स्थित लोक माता देवी मंदिर पहुंचे। मां पद्मावती नदी के तट पर स्थित इस मंदिर परिसर में लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। यह अनावरण समारोह लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
उल्लेखनीय है कि थांदला स्थित यह काशी विश्वनाथ मंदिर ऐतिहासिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसका निर्माण लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा संवत 1662 में कराया गया था। इस मंदिर में आज भी स्थापत्य कला की झलक और प्राचीनता लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
भूमि पूजन व प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थितिशासन की महत्त्वपूर्ण अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 योजनान्तर्गत स्वीकृत प्रोजेक्टों के भूमि पूजन तथा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री समर्थ उपाध्याय एवं पार्षदगणों द्वारा सूक्ष्मता एवं समन्वय के साथ तैयार की गई। सुदृढ़ योजना और सुव्यवस्थित प्रबंधन के परिणामस्वरूप कार्यक्रम को अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न किया गया। नगर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस ऐतिहासिक अवसर को अविस्मरणीय बना दिया।
शासन की महत्त्वपूर्ण योजना अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत प्रोजेक्टों के भूमि पूजन एवं लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में जिला महामंत्री राजेश वसुनिया, युवा नेता संजय भाबर, सुनील पणदा सहित पार्षदगण जगदीश प्रजापत, भूमिका सोनी, ज्योति जितेंद्र राठौर, श्रीमती धापू गोरसिंह वसुनिया, श्रीमती लीला डामोर, जितेंद्र कन्नू मौर्य, राजू धानक व माया सोलंकी का विशेष सहयोग रहा।
बदनावर से थांदला तक हुआ जोरदार स्वागत
श्री विजयवर्गीय के थांदला आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बदनावर की ओर से थांदला तक पूरे रास्ते में जगह-जगह मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। सारंगी, करड़ावद, पेटलावद एवं उन्नाई टोल टैक्स पर समर्थकों और नागरिकों ने मंत्री श्री विजयवर्गीय का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से अभिनंदन किया। रास्ते भर में पुष्पवर्षा और जयघोषों से वातावरण गूंज उठा।
अमृत 2.0 योजनान्तर्गत 8.54 करोड़ की 6 परियोजनाओं का भूमि पूजन
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंत्री श्री विजयवर्गीय ने थांदला नगर परिषद द्वारा संचालित अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 योजनान्तर्गत स्वीकृत 6 विकास परियोजनाओं का 8 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम स्थल से ही उन्होंने इन परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन कर नगरवासियों को विकास की नई सौगातें दीं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
जल निकायों का पुनर्जीवन और शहरी ढांचे का विस्तार
0.32 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला वॉटर बॉडी रीजुविनेशन कार्य नगर के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 9 और 15 में सड़क निर्माण कार्यों से नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। 0.81 करोड़ की लागत से मूत्रालयों की स्थापना स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगी।
मंत्री विजयवर्गीय ने दिया विकास का भरोसाभूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि थांदला नगर के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “यह नगर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां के विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन पूर्ण सहयोग करेगा।”उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 योजना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ जल, बेहतर सीवेज सिस्टम और उन्नत शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। थांदला में स्वीकृत परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर की तस्वीर बदलेगी।
धार्मिक आस्था और विकास का अनोखा संगम
थांदला में यह दिन धार्मिक और विकासात्मक दोनों ही दृष्टियों से ऐतिहासिक रहा। जहां एक ओर लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष पर प्रतिमा का अनावरण हुआ, वहीं दूसरी ओर नगर को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। मंत्री श्री विजयवर्गीय के इस दौरे ने न केवल नगरवासियों में आस्था और गर्व की भावना को प्रबल किया, बल्कि आने वाले समय में थांदला को आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन के अधिकारियों एवं नगरवासियों की व्यापक उपस्थिति रही।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla




.jpg)
0 टिप्पणियाँ