प्रकृति संरक्षण कार्यक्रम एवं स्नेह मिलन समारोह

प्रकृति संरक्षण व स्नेह मिलन समारोह में दिखा पत्रकारिता और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम

जिला पत्रकार संघ झाबुआ के आयोजन में पुलिस अधीक्षक सहित जिले भर के पत्रकारों ने की सहभागिता, पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश

करवड़. (पेटलावद से जितेश विश्वकर्मा)
जिला पत्रकार संघ झाबुआ के तत्वावधान में रविवार को ग्राम करवड़ स्थित मां नागनेचा माता मंदिर परिसर में भव्य प्रकृति संरक्षण कार्यक्रम एवं स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए विभिन्न औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
इस विशेष अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कलाजी धाम के गादीपति ठाकुर प्रतापसिंह राठौड़ विशेष रूप से मंच पर आसीन थे। कार्यक्रम का आयोजन धार्मिक और प्राकृतिक परिवेश में सादगी, गरिमा और उद्देश्यपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

पुलिस और पत्रकार दोनों समाज के प्रहरी : एसपी शुक्ल

मुख्य अतिथि श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पत्रकार और पुलिस समाज के दो मजबूत स्तंभ हैं। दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जिनका उद्देश्य समाज में कानून-व्यवस्था और सच्चाई को बनाए रखना है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक किया जाता है और पुलिस व्यवस्था के माध्यम से उसे सुरक्षित रखा जाता है।”
उन्होंने कहा कि मीडिया और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समाज में सकारात्मक माहौल स्थापित हो सके।

कलाजी धाम के गादीपति ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कलाजी धाम, झाबुआ के गादीपति ठाकुर प्रतापसिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा, “प्रकृति ही जीवन है। वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। आज जिस तेजी से वनों की कटाई हो रही है, वह चिंता का विषय है। ऐसे में पत्रकार समाज द्वारा यह पहल अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।”
उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन स्थल मां नागनेचा धाम में पौधारोपण को शुभ और पवित्र कार्य बताते हुए सभी उपस्थितजनों से हर वर्ष कम से कम एक वृक्ष लगाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्प मालाओं से स्वागत जिला पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष राजेश सोनी द्वारा किया गया।

पत्रकारों ने किया सामूहिक पौधारोपण, दिया हरियाली का संदेश

कार्यक्रम के मुख्य भाग के रूप में वृक्षारोपण किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न स्थानों से आए पत्रकारों ने भाग लिया।
बिल्वपत्र, आंवला, करंज, नीम, गुलमोहर और अमलतास जैसी पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देने और जलवायु संतुलन जैसे विषयों पर भी संवाद हुआ।

पत्रकारों का हुआ आत्मीय स्नेह मिलन

कार्यक्रम में एक ओर जहां पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर स्नेह मिलन समारोह में पत्रकारों ने आपसी संवाद, सहयोग और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा की।
सभी पत्रकारों ने एक-दूसरे से परिचय और अनुभव साझा किए। जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने नवोदित पत्रकारों को मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

उपस्थित गणमान्य व सहभागिता

इस अवसर पर जिले के सभी तहसीलों से आए पत्रकारों के अलावा, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पत्रकारों की सहभागिता सराहनीय रही, जिन्होंने उत्साह से पौधारोपण में भाग लिया। सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

नवाचार और संकल्प का मंच बना आयोजन

इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला पत्रकार संघ झाबुआ ने न केवल एक सशक्त सामाजिक संदेश दिया, बल्कि यह भी दिखाया कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सूचनाएं देना नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना भी है।
यह आयोजन आने वाले समय में जिलेभर के पत्रकार संगठनों के लिए प्रेरणा बनेगा और पत्रकारिता के माध्यम से प्रकृति एवं समाज सेवा की नई लकीर खींचेगा।

कार्यक्रम संचालन और आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला पत्रकार संघ के महासचिव अक्षय भट्ट द्वारा किया गया। उन्होंने स्वागत उद्बोधन में कहा, “यह आयोजन केवल पौधे रोपने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भावनात्मक जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।”
कार्यक्रम के अंत में घुधरी अध्यक्ष वीरेंद्र बसेर एवं करवड़ अध्यक्ष अंकित भंडारी ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा, “प्राकृतिक संरक्षण और पत्रकारिता एक-दूसरे के पूरक हैं। हम सबने मिलकर यह साबित किया है कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज निर्माण में भी अग्रणी है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"