वृद्धजनों के सम्मान हेतु प्रशासनिक पहल, कलेक्टर नेहा मीना ने वृद्धाश्रम में दिए जरूरी निर्देश

कलेक्टर नेहा मीना ने किया 50 सीटर वृद्धाश्रम का निरीक्षण: शीघ्र संचालन हेतु दिए आवश्यक निर्देश


झाबुआ. 2 जून 2025(सम्यक दृष्टि न्यूज़) 

जिला मुख्यालय झाबुआ स्थित रंगपुरा रोड पर नव निर्मित 50 सीटर वृद्धाश्रम का संचालन शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना ने उक्त वृद्धाश्रम भवन का निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश भी दिए।

वृद्धाश्रम भवन में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए मनोरंजन कक्ष, भोजन कक्ष, पृथक शयन कक्ष, शौचालय सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि वृद्धजनों को गरिमापूर्ण जीवन देने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने भवन की साफ-सफाई शीघ्र कराने के निर्देश देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुसज्जित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

कलेक्टर नेहा मीना ने सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के माध्यम से वृद्धाश्रम में फर्नीचर की व्यवस्था तथा सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल के निर्माण की अनुशंसा की। साथ ही उन्होंने वृद्धजनों का शीघ्र चिन्हांकन कर, उनकी सहमति प्राप्त करते हुए, सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ पूर्ण कर वृद्धाश्रम का शीघ्र संचालन प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित वृद्धजनों की सूची तैयार कर सत्यापन किया जाए, और उनकी व्यक्तिगत सहमति के बाद ही उन्हें वृद्धाश्रम में प्रवेश दिया जाए। इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवेदनशीलता को सर्वोपरि रखने की बात कही गई।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ श्री भास्कर गाचले, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आर. एस. बघेल, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज साँवले एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों से सहयोग की अपील

वृद्धाश्रम के संचालन और निराश्रित वृद्धजनों को सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने जिले के जागरूक नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ और सामाजिक कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिनके पास रहने की व्यवस्था नहीं है, जिन्हें परिवार ने अस्वीकार कर दिया है या जो असहाय अवस्था में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उन्हें इस वृद्धाश्रम में स्थान दिलाने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

प्रवेश प्रक्रिया एवं संपर्क विवरण

वृद्धाश्रम में प्रवेश के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएँ निम्नलिखित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं:-

श्री खुशाल गुण्डिया – संपर्क नं. 7974713249

श्री प्रियंक पाटीदार (सामाजिक सुरक्षा अधिकारी) – संपर्क नं. 9926089353

वृद्धजन की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, झाबुआ में कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन का यह प्रयास न केवल वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल है, बल्कि समाज को भी यह संदेश देता है कि बुजुर्गों की सेवा हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। समाज के सभी वर्गों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर, एक समृद्ध और संवेदनशील समाज निर्माण में योगदान दें।  

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"