मेघनगर में धर्मदास संप्रदाय के संतों का भव्य मंगल प्रवेश, श्रद्धालुओं में उमंग की लहर
सम्यक दृष्टि न्यूज़मेघनगर. धर्मदास संप्रदाय के प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री जिनेन्द्र मुनिजी म.सा. आदि ठाणा, साध्वी मधुबाला जी म.सा., निखिल शीला जी म.सा. आदि ठाणा एवं संयम प्रभा जी म.सा. की शिष्याओं का भव्य मंगल प्रवेश मेघनगर में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ हुआ। संतों के स्वागत के लिए मेघनगर नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु जन बड़ी संख्या में उमड़े और नगर के मार्गों पर जन सैलाब जैसा दृश्य देखने को मिला।
संतों का यह विहार थांदला से आरंभ होकर अगराल होते हुए मेघनगर पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण स्वागत किया। अगराल में भी भक्तों ने संत सतीयों की अगवानी की।
धर्मदास संप्रदाय के प्रवर्तक पूज्य श्री जिनेन्द्र मुनिजी म.सा. आदि ठाणा एवं नवदीक्षित ललित मुनिजी म.सा. का विहार मेघनगर से कल्याणपुर की ओर हो चुका है। कल्याणपुर में आगामी 6 मई को बड़ी दीक्षा महोत्सव का आयोजन होगा।
मेघनगर में आयोजित होने वाले बाल संस्कार शिविर की तैयारी भी संतों के आगमन के साथ ही पूर्ण रूप से गति पकड़ चुकी है। इस शिविर में लगभग 450 बच्चों के भाग लेने की पुष्टि की गई है। बच्चों को धार्मिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, जीवन के आदर्श सिद्धांतों एवं जैन संस्कृति के मूल भावों से अवगत कराया जाएगा। विशेष बात यह है कि यह शिविर केवल मेघनगर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के ग्रामों से भी सैकड़ों की संख्या में बालक-बालिकाएं भाग लेंगे।
संत सतीयों के सानिध्य में यह बाल संस्कार शिविर एक ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा, जिसमें भविष्य की पीढ़ी को जैन धर्म की मूलभूत शिक्षाएं दी जाएंगी। पूज्य गुरुदेव जिनेन्द्र मुनिजी म.सा. के प्रवचनों से जहां वयस्क जन आध्यात्मिक प्रेरणा पाएंगे, वहीं साध्वी मधुबाला जी म.सा. एवं अन्य संत शिष्याएं बच्चों को अपने स्नेहिल आशीर्वचनों से दिशा प्रदान करेंगी।
नगर के समाजजनों, श्रावक-श्राविकाओं, युवा मंडलों एवं महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम एक सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का रूप लेनेवाला है। नगरवासियों ने इस अवसर को पुण्य संचित करने का एक दुर्लभ अवसर बताया है।
संपूर्ण नगर मेघनगर इस संत आगमन एवं बाल संस्कार शिविर के माध्यम से धर्ममय वातावरण में डूबा हुआ है। श्री संघ मेघनगर के इस अद्वितीय आयोजन से नगरवासियों में न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा, बल्कि संत सानिध्य में जीवन को नयी दिशा मिलने की प्रेरणा भी जागृत होगी।
Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla
0 टिप्पणियाँ