जब तक मनुष्य स्वयं पुरुषार्थ नहीं करेगा, तब तक उसे किसी भी क्षेत्र में सफलता नहीं मिल सकती।

अशुभ से शुभ और शुभ से शुद्धता की ओर बढ़ना ही मोक्ष का मार्ग – प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाशमुनिजी म.सा.
परिग्रह की पकड़ छोड़कर भावों को सुधारें, तभी सुधरेगा भव; संयम साधन और चारित्र मोक्ष का लक्ष्य है

रतलाम, 20 नवंबर (सम्यक दृष्टि, प्रकाश मूणत)  

परमात्मा की वाणी हमें परिग्रह पर रोक लगाने और जीवन में संग्रह की प्रवृत्ति को कम करने की प्रेरणा देती है। यदि मनुष्य इस वाणी से प्रेरित होकर अपने भावों में सुधार करता है, तो उसका भव भी सुधर सकता है। अशुभ से शुभ की ओर और शुभ से शुद्धता की ओर बढ़ना ही मोक्ष का रास्ता है। जब समस्त कर्मों का क्षय हो जाता है, तभी आत्मा को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह बात मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य रत्नपुरी के रत्न, धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. ने कही। वे गुरुवार को मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में आयोजित धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे।

प्रवर्तकश्री ने कहा कि जीवन में धर्म के प्रति पुरुषार्थ करने के भाव पैदा होना आवश्यक है। जब तक मनुष्य स्वयं पुरुषार्थ नहीं करेगा, तब तक उसे किसी भी क्षेत्र में सफलता नहीं मिल सकती। केवल इच्छा करने से लक्ष्य प्राप्त नहीं होता, उसके लिए निरंतर प्रयास और आत्मकल्याण की भावना जरूरी है। उन्होंने संयम और चारित्र के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि संयम एक व्यवस्था है, जबकि चारित्र उससे भी ऊंची अवस्था है। कषायों को रोकने का नाम संयम है और जहां कषायों का पूर्ण शमन होता है, वह चारित्र की अवस्था है। संयम साधन है और चारित्र लक्ष्य है। मोक्ष की प्राप्ति केवल संयम से नहीं, बल्कि चारित्र की उत्कृष्टता और विशेषकर कषायों के शमन से होती है।

उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को घर-परिवार में रहकर अपनी आदतों और इच्छाओं पर नियंत्रण करना नहीं आता, वह मोक्ष प्राप्ति की बात करता है। आज प्रत्येक व्यक्ति परिग्रह में उलझा हुआ है। किसी को अपनी संग्रह करने की आदत छोड़ना पसंद नहीं है। मनुष्य को समय रहते परिग्रह की पकड़ छोड़ देना चाहिए, लेकिन वर्तमान में इसके विपरीत लोग निरंतर संग्रह करते जा रहे हैं। परिग्रह की यह प्रवृत्ति कर्मों के बंधन का कारण बनती है और आत्मा को संसार के परिभ्रमण में उलझाए रखती है।

प्रवर्तकश्री ने नर्कगति के चार प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि पहला महारंभ, दूसरा महापरिग्रह, तीसरा मद्य-मांस का आहार और चौथा पंचेंद्रिय जीवों की हिंसा करना है। मनुष्य को इन प्रवृत्तियों से बचते हुए अपने जीवन को धर्म, संयम और आत्मशुद्धि की दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।

आरंभ में प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ने धर्मसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से 100 से अधिक गुरुभक्त प्रवर्तकश्री के दर्शन-वंदन के लिए रतलाम पहुंचे। धर्मसभा का संचालन रखब चत्तर ने किया। मंच पर सेवाभावी श्री दर्शनमुनिजी म.सा., प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. विराजित रहे। धर्मसभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

21 से 25 नवंबर तक होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. के प्रवचन शुक्रवार, 21 नवंबर को नोलाईपुरा स्थित श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक में होंगे। श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने धर्मसभा में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 22 नवंबर को नीमचौक श्री संघ द्वारा जैन दिवाकर श्री चौथमलजी म.सा. की जन्म जयंती का समारोह जैन दिवाकर स्मारक, सागोद रोड पर आयोजित किया जाएगा।

23 नवंबर को मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. का जन्मदिवस तप, त्याग एवं एकासन तप के साथ गुणानुवाद सभा के रूप में मनाया जाएगा। 24 नवंबर को वर्षावास की पूर्णता पर चातुर्मासिक कृतज्ञता समारोह होगा, जिसमें श्रावक-श्राविकाएं चार माह के वर्षावास में प्रवर्तकश्री से प्राप्त धर्म-अनुभवों को साझा करेंगे।

25 नवंबर को श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में सुबह 7.30 से 8.15 बजे तक नवकारसी होगी। इसके पश्चात सुबह 8.31 बजे प्रवर्तकश्री का मंगलमय विहार प्रारंभ होगा। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विहार यात्रा सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ पहुंचेगी, जहां यात्रा धर्मसभा में परिवर्तित होगी। चातुर्मास आयोजन समिति के अध्यक्ष पारसमल वोरा, उपाध्यक्ष इंदरमल चोपड़ा, महामंत्री संदीप चौरड़िया, कोषाध्यक्ष मुकेश चौरड़िया एवं भंवरलाल पुंगलिया ने समस्त श्रावक-श्राविकाओं से कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने की अपील की है।

संकलनकर्ता:- अरुण त्रिपाठी

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"