बाहरी सुविधाएं बढ़ने के साथ आंतरिक संवेदनाएं कम होती जा रही हैं।

बाहरी नहीं, अंतर्मन की शुद्धि से बदलेगी जीवन की दिशा – प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी म.सा.
प्रकृति में बदलाव का कारण हमारी बदलती प्रवृत्ति, धर्म के लिए अंतर्मन की शुद्धि जरूरी

रतलाम, 12 नवंबर। मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमलजी म.सा. के सुशिष्य, रत्नपुरी के रत्न एवं धर्मदास गणनायक एवं श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाश मुनिजी म.सा. ने कहा कि आज मनुष्य ने प्रकृति के साथ खिलवाड़ करते हुए पानी का दुरुपयोग किया है। परिणामस्वरूप बादल ऊपर चले गए और धरती में भी पानी का स्तर लगातार नीचे खिसकता जा रहा है। प्रकृति में आए इस बदलाव के पीछे कहीं न कहीं हमारी बदलती प्रवृत्ति जिम्मेदार है। दुर्भाग्य है कि मनुष्य प्रकृति की चिंता तो करता है, लेकिन अपनी वाणी, व्यवहार और विचारों में आ रहे बदलाव पर ध्यान नहीं देता। प्रवृत्ति में सुधार तभी संभव है, जब हमारे भीतर के भाव शुद्ध होंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को भाव शुद्धि पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

मोहन टॉकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तकश्री ने कहा कि भाव शुद्धि का जीवन में विशेष महत्व है। जिस प्रकार कोई बर्तन शुद्ध होता है, तभी उसमें रखी वस्तु सुरक्षित और उपयोगी रहती है, उसी प्रकार मनुष्य का अंतर्मन भी शुद्ध होना चाहिए। यदि बर्तन अशुद्ध हो तो उसमें रखा दूध तो क्या, पानी भी बदबू मारने लगता है और पीने योग्य नहीं रहता। इसी तरह अशुद्ध वृत्ति वाले व्यक्ति के जीवन में धर्म भी स्थायी रूप से नहीं टिक सकता। मनुष्य की गति और उसका भविष्य उसके भावों पर ही निर्भर करता है।

प्रवर्तकश्री ने कहा कि सौभाग्य से हम सभी को मनुष्य भव मिला है। अनंत पुण्य के उदय से जिनवाणी सुनने, संतों का सान्निध्य प्राप्त करने और धर्म आराधना के साधन उपलब्ध हुए हैं, लेकिन विडंबना है कि मनुष्य इन साधनों का सदुपयोग करने के बजाय दुरुपयोग कर रहा है। हर व्यक्ति अपनी-अपनी महत्वाकांक्षाओं में उलझा हुआ है। पहले मकान कच्चे हुआ करते थे, लेकिन लोगों के दिल कोमल और भावनाएं संवेदनशील थीं। आज मकान पक्के और आलीशान हो गए हैं, लेकिन मनुष्य का दिल पत्थर जैसा कठोर होता जा रहा है। बाहरी सुविधाएं बढ़ने के साथ आंतरिक संवेदनाएं कम होती जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि संसार में शुभ और अशुभ दोनों प्रकार के भाव मौजूद हैं। व्यक्ति की बाहरी आकृति कैसी भी हो, लेकिन उसकी वृत्ति निर्मल और शुद्ध होनी चाहिए। जैसी वृत्ति होगी, वैसी ही प्रकृति बनेगी और जैसी प्रकृति होगी, वैसी ही प्रवृत्ति जीवन में दिखाई देगी। यही प्रवृत्ति उसके कर्मों को शुभ अथवा अशुभ बनाने का कारण बनती है। जब व्यक्ति अपनी आंतरिक वृत्ति को सुधार लेता है, तब उसके जीवन में सम्यक दर्शन का उदय होता है। भीतर के भाव और चिंतन में परिवर्तन आने पर ही जीवन तथा भव का कल्याण संभव है। शुद्ध भाव ही सद्गति और अंततः मोक्ष मार्ग की दिशा प्रशस्त करते हैं।

गुरुभक्तों ने किए दर्शन-वंदन, तपस्वियों ने लिए प्रत्याख्यान

धर्मसभा में पूना, नासिक, जलगांव, सूरत, मेघनगर, खाचरौद, जावरा सहित विभिन्न स्थानों से आए गुरुभक्तों ने प्रवर्तकश्री के दर्शन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर तपस्वियों ने तप आराधना के प्रत्याख्यान ग्रहण किए। धर्मसभा का संचालन रखब चत्तर ने किया।

इस दौरान सेवाभावी श्री दर्शन मुनिजी म.सा., प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी म.सा. ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी म.सा. एवं महासती श्री कल्पनाजी म.सा. मंचासीन रहे। प्रवचन में श्री धर्मदास जैन श्री संघ, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु-बहु मंडल तथा श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।

14 नवंबर को मनेगी ज्ञान पंचमी

चातुर्मास आयोजन समिति द्वारा 14 नवंबर को दया, त्याग और तपस्या की भावना के साथ ज्ञान पंचमी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विजयकुमार राजमलजी मूणत परिवार की ओर से एकासना का आयोजन भी रखा गया है।

Dr.Talera's Multi-speciality Dental Clinic, Thandla 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

". "div"